छोड़कर सामग्री पर जाएँ

इंटरनेट पर पैसे कमाने की हवस में 4 साल के मासूम की गला रेतकर नृशंस हत्या! शरीर काटकर निकाले फेफड़े, किडनी और आंख! पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

Screenshot 20261109 150700 Gallery
  • सोशल मीडिया की डार्क दुनिया ने ली मासूम की जान, रिश्ते के चाचा ने अपहरण कर पिलाई शराब, फिर चाकू से रेता गला, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे अंचल को झकझोर कर रख दिया है। ज्यादा पैसा कमाने की अंधी चाहत और इंटरनेट (सोशल मीडिया) के गलत प्रभाव ने एक 27 वर्षीय युवक को हैवान बना दिया। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू ने पैसे के लालच में अपने ही रिश्तेदार (ममेरे भाई) के 4-5 वर्षीय मासूम बेटे जितेन्द्र को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी के दिल-दिमाग पर इंटरनेट के जरिए अंगों की तस्करी (Organ Trafficking) से अमीर बनने का ऐसा फितूर सवार हुआ कि उसने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए मासूम का अपहरण किया और उसकी नृशंस हत्या कर दी। जशपुर पुलिस ने इस खौफनाक वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पिलाकर किया बेहोश, फिर चाकू से रेता गला

पुलिस की पूछताछ और आरोपी के मेमोरेंडम (स्वीकारोक्ति) से जो कहानी सामने आई है, वह बेहद विचलित करने वाली है। पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह आरोपी बासुदेव मासूम जितेन्द्र के पिता रामजीत के साथ शराब पीने गया था। वहां से लौटते वक्त रास्ते में उसे अकेला जितेन्द्र मिल गया। आरोपी बहला-फुसलाकर बच्चे को अपने साथ एक खेत की झोपड़ी और फिर महानदी डेम के पास ले गया। आरोपी ने वहां शराब और मुर्गा खरीदा। इसके बाद उसने क्रूरता की हद पार करते हुए उस 4-5 साल के मासूम को भी शराब पिलाई। जब बच्चा नशे में सो गया, तो इस दरिंदे ने अपने पास रखे चाकू से बच्चे का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

किडनी और फेफड़े निकालकर बाल्टी में रखे, बोरी में छिपाया शव

हत्या के बाद आरोपी की बर्बरता यहीं नहीं रुकी। इंटरनेट से प्रेरित अपनी कुत्सित मानसिकता को अंजाम देते हुए, उसने उसी चाकू से बच्चे के सीने और पेट को काटा और शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। इसके बाद उसने मृतक बच्चे के शव को एक कंबल और गोदरी में लपेटा, बोरी में भरा और एक खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर ऊपर से मिट्टी ढंक दी। घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू, फावड़े और अंगों से भरी बाल्टी को उसने एक बांस की झाड़ी के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। जब 7 नवंबर को बच्चे का शव बरामद हुआ, तो पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।

पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ा गया हैवान, भेजा गया जेल

घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सन्ना पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर बासुदेव को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, शरीर के अंगों वाली बाल्टी और आरोपी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले ने समाज के सामने एक गंभीर चेतावनी पेश की है कि इंटरनेट पर मौजूद भ्रामक और खतरनाक कंटेंट किस तरह किसी की भी मानसिकता को हिंसक और आपराधिक बना सकता है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: