छोड़कर सामग्री पर जाएँ

बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर खंभे से टकराई कार, बिहार के ट्रांसपोर्टर की मौके पर मौत

cover 1793357628604

बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार चला रहे बिहार के एक ट्रांसपोर्टर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात भर जागकर काम करने के बाद वाहन चलाते समय झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। मूल रूप से पटना (बिहार) के रहने वाले शैलेष रंजन 27 अक्टूबर को चावल लेने अंबिकापुर पहुंचे थे। रात भर अपनी निगरानी में उन्होंने ट्रक में माल लोड कराया। इसके बाद अगली सुबह वह अपनी कार (क्रमांक सीजी 10 एएन 3753) से ट्रक के पीछे-पीछे बिलासपुर की ओर रवाना हुए थे।

ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार

सुबह करीब 9 बजे शैलेष रंजन रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा स्थित ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति तेज थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक थकान की वजह से उन्हें झपकी आ गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सीने में गंभीर चोट लगने के कारण शैलेष रंजन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

फोन कॉल से परिजनों को मिली हादसे की सूचना

मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने वाले मृतक के भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सुबह करीब 9:28 बजे चाचा शैलेष रंजन के मोबाइल पर संपर्क किया था। फोन किसी राहगीर ने उठाया और घटना की जानकारी देते हुए बताया कि नेवसा के पास कार खंभे से टकरा गई है और चालक की मौत हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रतनपुर पहुंचे और मरच्यूरी में शव की शिनाख्त की। इसके बाद रतनपुर थाना पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: