बीजापुर। इन्द्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ के कारण फंसे पटवारी और सर्वेयर सहित 6 कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित जिला मुख्यालय बीजापुर लाया गया है। रेस्क्यू के बाद सभी कर्मचारियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण में सभी की स्थिति सामान्य पाई गई है।
सर्वे कार्य के दौरान जलस्तर बढ़ने से फंसे कर्मचारी
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, गिरदावरी सर्वे कार्य के लिए पटवारी और सर्वेयर का 6 सदस्यीय दल बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गया हुआ था। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति बनने से सभी कर्मचारी वहां फंस गए।
कर्मचारियों के फंसे होने की सूचना मिलते ही कलेक्टर विश्वदीप ने फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। नदी-नालों के उफान पर होने के कारण जिला प्रशासन ने बिना देर किए एयरलिफ्ट की व्यवस्था की और सभी 6 कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया।
जिला अस्पताल में जांच, कलेक्टर ने लिया कुशलक्षेम
सुरक्षित वापसी के बाद जिला अस्पताल में कलेक्टर विश्वदीप की मौजूदगी में सभी कर्मचारियों का मेडिकल चेकअप कराया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर विश्वदीप ने बताया कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत एवं बचाव दल लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
इस रेस्क्यू और मेडिकल परीक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी मुकेश देवांगन, तहसीलदार पंचराम सलामे और जिला सेनानी पी.बी. सिदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।























