बड़वानी। सेंधवा स्थित वीर बलिदानी खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को एक युवक ने शादी से इनकार करने पर 18 वर्षीय छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले देसी कट्टे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चलने पर उसने छात्रा की गर्दन के नीचे चाकू से वार कर दिया। मौके पर मौजूद छात्रों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
परीक्षा देकर बाहर निकलते समय हुआ हमला
अजय वाघमारे के अनुसार, बीए प्रथम वर्ष की छात्रा संगीता सेनानी हिंदी विषय की परीक्षा देकर अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज से बाहर निकल रही थी। विज्ञान भवन के सामने बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गणेश ठाकुर ने कथित तौर पर उस पर पिस्टल तान दी और फायर करने की कोशिश की। जब पिस्टल नहीं चली तो उसने चाकू निकालकर संगीता की गर्दन के नीचे हमला कर दिया।
हमले के बाद छात्रा मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गई। यह दृश्य देखकर उसकी सहेली रोशनी भी अचेत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गणेश ठाकुर को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे रोके रखा। सूचना मिलते ही सेंधवा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। घायल छात्रा को तुरंत सिविल अस्पताल सेंधवा ले जाया गया। एसडीओपी के अनुसार, उपचार के बाद छात्रा की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
सगाई होने से नाराज था आरोपी, 15 दिनों से दे रहा था धमकी
पुलिस के अनुसार, गणेश और संगीता पहले से एक-दूसरे से परिचित थे और दोनों आदिवासी समुदाय से हैं। गणेश कथित तौर पर संगीता से शादी करना चाहता था, लेकिन कुछ दिन पहले संगीता की सगाई किसी अन्य युवक से तय हो गई थी। इस बात से वह नाराज चल रहा था।
एसडीओपी ने बताया कि आरोपी पिछले लगभग 15 दिनों से संगीता को कथित तौर पर धमका रहा था और कह रहा था कि वह उसकी शादी किसी और से नहीं होने देगा। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य ज्ञान सिंह वास्कले ने जानकारी दी कि वारदात के समय परिसर में लगभग 500 छात्र मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस और छात्रा के परिजनों को सूचित किया गया। प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस विज्ञान भवन के पास यह घटना हुई, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे फिलहाल बंद थे।
देसी पिस्टल और चाकू बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी गणेश ठाकुर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल और चाकू जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए। इसके अलावा छात्रा को पूर्व में दी गई कथित धमकियों के मामले में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















