छोड़कर सामग्री पर जाएँ

खटियापाटी के तालाब में मिला लापता नाबालिग का शव, सिर पर मिले चोट के निशान

image 2026 10 26T141357.432

बलौदाबाजार, 26 अक्टूबर। जिले के खटियापाटी गांव स्थित एक तालाब में सोमवार सुबह 16 वर्षीय नाबालिग का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुजल गेंडरे (पिता संतराम गेंडरे) के रूप में हुई है। सुजल एक दिन पहले से लापता था और घर नहीं लौटा था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने सुजल का शव गांव के तालाब में झाड़ियों के बीच फंसा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

सिर पर चोट के निशान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। सिर पर चोट दिखने के बाद उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, चोट कैसे लगी और मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।

घटनास्थल की सघन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी स्थिति

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह खटियापाटी के तालाब में सुजल गेंडरे का शव बरामद हुआ है। नाबालिग की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही कोतवाली थाने में दर्ज थी। पुलिस टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह को लेकर फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: