बालोद। शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले को पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात के मुख्य साजिशकर्ता युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके सहयोगी दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, युवती द्वारा शादी से इनकार करने और अन्य जगह संबंध होने के संदेह के चलते आरोपी ने यह साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से भाग निकला। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और परिजनों को सूचना देकर उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद हमलावर तांदुला डैम की दिशा में फरार हो गया था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में विशेष जांच शुरू की गई। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया। पूछताछ के दौरान यश ने पहले पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। यश ने बताया कि युवती का किसी अन्य से संबंध होने और शादी के लिए तैयार न होने से वह नाराज था।
गणेश झांकी में विफल होने के बाद 5 अक्टूबर को दिया घटना को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम (निवासी भैरमगढ़, बीजापुर) के साथ मिलकर इस हमले की योजना बनाई थी। योजना के तहत करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा और दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा। आरोपियों ने पहले गणेश झांकी के दौरान हमला करने का विचार किया था, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
इसके बाद 5 अक्टूबर को मौका पाकर करण ने युवती पर एसिड फेंका। वारदात के बाद वह तांदुला बांध पहुंचा और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला व मरकाटोला होते हुए चारामा की तरफ भागा। यश की निशानदेही और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने करण का पीछा कर उसे कोंडागांव से हिरासत में ले लिया।
दुर्ग से खरीदा गया था एसिड, विक्रेता पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षीय यश कुमार सोनकर (निवासी ग्राम नेवारिकला, बालोद) और 20 वर्षीय करण कुंजाम (निवासी भैरमगढ़, बीजापुर) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि दोनों आरोपियों ने बीजापुर में साथ रहकर पढ़ाई की थी और इसी पुरानी दोस्ती का हवाला देकर यश ने करण से इस वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, आरोपियों ने यह एसिड दुर्ग से खरीदा था, जिसकी अलग से जांच की जा रही है और अवैध रूप से एसिड बेचने वाले विक्रेता के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।























