कोरबा। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र से लापता हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग मेंमबाई को आखिरकार उनके परिजनों ने खोज निकाला। अपनी बेटी से मिलने के लिए निकली मेंमबाई रास्ता भटक गईं और कोरबा के वृद्ध आश्रम पहुंच गई थीं, जहां वे पिछले एक साल से रह रही थीं।
मंदिर दर्शन के दौरान रिश्तेदार ने दी सूचना
परिवार एक साल से उनकी तलाश में जुटा था। इसी दौरान एक रिश्तेदार सर्वमंगला मंदिर दर्शन करने पहुंचे, जहां उनकी नजर वृद्ध आश्रम में रह रही मेंमबाई पर पड़ी। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग कोरबा पहुंचे और खुशी-खुशी अपनी मां को घर ले गए।
कैसे पहुंची वृद्ध आश्रम?
मेंमबाई ट्रेन से अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन सफर के दौरान वह कोरबा पहुंच गईं और रास्ता भटक गईं। असमंजस में भटकते हुए वे वृद्ध आश्रम पहुंचीं, जहां केयरटेकर वीरू यादव और टीम ने उनकी देखभाल की।
खुशी से छलके परिजनों के आंसू
एक साल बाद मां को पाकर परिजनों की आंखें खुशी से छलक पड़ीं। परिवार के सदस्य शिवनारायण ने बताया कि घर की महिला सदस्य के अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंतित था। अब जब वे सुरक्षित घर लौट आई हैं, तो सभी बेहद खुश हैं। इस घटना से यह सीख भी मिलती है कि बुजुर्गों की यात्रा के दौरान विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि ऐसी परिस्थितियां न बनें।

























