छोड़कर सामग्री पर जाएँ

नाम लेने पर IPS के बेटे को पीटा, कहा- ‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो हमारा क्या बिगाड़ेगा’; दो बदमाश गिरफ्तार, निकाला जुलूस

whatsapp image 2026 09 13 at 180030 1789303234

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आईपीएस अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कुर्रे को कुछ बदमाशों ने बेरहमी से पीटा। बदमाशों ने न केवल मारपीट की, बल्कि धमकी भी दी कि ‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा।’ पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका शहर के मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला है, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, आईपीएस रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कुर्रे 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपने दोस्त विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर प्रिंस गुप्ता का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां पहले से मौजूद गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके साथी उनसे उलझ गए।

क्या था पूरा मामला?

लेखांश कुर्रे के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब उसने बातचीत के दौरान गोलू गणेश का नाम लेकर बुलाया। इस पर गोलू गणेश भड़क गया और बोला, “मैं बड़ा गुंडा हूं और तुम मुझे मेरा नाम लेकर बुलाओगे।” इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लेखांश की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बदमाशों ने लेखांश को धमकी दी कि उसके पिता पुलिस अधिकारी हैं, तो भी वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। इस हमले में लेखांश के कान, कंधे, सिर और गले में गंभीर चोटें आई हैं।

गिरफ्तारी और जुलूस

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(1), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों, गोलू गणेश (27) और आशुतोष गुप्ता (22) को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर कोतवाली थाने से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कोर्ट तक ले जाकर उनका जुलूस निकाला। यह दृश्य शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोलू गणेश एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट और गुंडागर्दी के कई मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह सौरभ मिश्रा के घर के सामने गाड़ियों में तोड़फोड़ और घर में घुसकर मारपीट के एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे इन दोनों अपराधों में गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में कुल पांच आरोपियों के शामिल होने की जानकारी मिली है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: