पेरिस: भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने पुरुषों की 57 किग्रा भारवर्ग कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम ऊंचा किया है। अमन ने पुअर्टो रिको के पहलवान डैरियन क्रूज को 13-5 से हराया। पहले राउंड में ही अमन ने 6-3 की बढ़त बनाई, जो उन्होंने दूसरे राउंड में और बढ़ा दी, क्रूज को कोई मौका न देते हुए जीत हासिल की। अमन ने अपने पहले ओलंपिक में कांस्य पदक जीते का कीर्तिमान स्थापित किया है और पेरिस ओलंपिक में भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे।
उन्होंने मैच के बाद पदक अपने दिवंगत माता-पिता और पूरे देश को समर्पित किया। अमन ने कहा कि कांस्य पदक मुकाबले में शुरुआती कुछ मिनटों में मुकाबला बराबरी का था, लेकिन उन्होंने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। अमन ने अपने अगले लक्ष्यों के बारे में बताते हुए कहा कि वह 2028 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का इरादा रखते हैं। उन्होंने कहा, “मैं भारत के लोगों से कहना चाहता हूं कि 2028 में मैं स्वर्ण पदक जरूर जीतूंगा।” उन्होंने अपने परिवार और दादा के योगदान को भी सराहा जिन्होंने उनका पालन-पोषण किया।
भारत ने 2008 बीजिंग ओलंपिक के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीते हैं। 2008 में सुशील कुमार ने कांस्य, 2012 में सुशील ने रजत और योगेश्वर दत्त ने कांस्य, 2016 में साक्षी मलिक ने कांस्य, 2020 टोक्यो ओलंपिक में बजरंग पूनिया ने कांस्य और रवि दहिया ने रजत पदक जीते थे। अमन का यह पहला ओलंपिक था और उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला। विनेश फोगाट के डिसक्वालिफाई होने के बाद निराशा में डूबे भारत को अमन ने खुशी की सौगात दी है।























