- सीएम बोले – खेल अधोसंरचना के विकास से निखर रही प्रदेश की प्रतिभाएँ
- मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा हौसला बढ़ाता है : श्रीमती आकांक्षा सत्यवंशी
- छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने बढ़ाया प्रदेश का मान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मान
रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को शनिवार को एक बड़ा सम्मान मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास पर उन्हें ‘टाटा सिएरा’ (Tata Sierra) कार की चाबी सौंपी। यह कार टाटा मोटर्स की तरफ से विश्व कप विजेता टीम को दिए जा रहे सम्मान का ही एक हिस्सा है।इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि हमारी बेटियों ने वर्ल्ड कप जीतकर पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मैदानों और खेल सुविधाओं के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘बस्तर ओलंपिक’ और ‘सरगुजा ओलंपिक’ जैसे आयोजनों से दूर-दराज के गांवों के युवाओं को भी आगे आने का मौका मिल रहा है, जिससे खेलों के लिए एक अच्छा माहौल बना है। मुख्यमंत्री से यह सम्मान पाकर आकांक्षा सत्यवंशी काफी खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जीतकर आने के बाद मुख्यमंत्री जी ने पूरी टीम का जिस तरह उत्साह बढ़ाया था, वह बहुत खास था। आज उन्होंने एक अभिभावक की तरह मुझे जो स्नेह और सम्मान दिया है, वह मेरी जिंदगी का सबसे यादगार पल है। इस दौरान उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के तौर पर टीम के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
आपको बता दें कि पिछले साल भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप (ICC Women’s World Cup 2025) जीतकर इतिहास रचा था। इसी शानदार जीत की खुशी में टाटा मोटर्स ने टीम की हर खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ को अपनी नई एसयूवी ‘सिएरा’ का टॉप मॉडल देने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में आकांक्षा को यह कार भेंट की गई है। इस कार्यक्रम में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिवार वाले और टाटा मोटर्स के अधिकारी भी मौजूद रहे।



























You must be logged in to post a comment.