स्पोर्ट्स डेस्क: पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इस फैसले के बाद फ्रेंचाइजी की मालिक प्रीति जिंटा जल्द ही टीम के नए कप्तान की घोषणा कर सकती हैं। पिछले सीजन में धवन की गैरमौजूदगी में सैम करन ने कप्तानी का जिम्मा संभाला था, लेकिन उनकी अगुआई में पंजाब किंग्स प्लेऑफ तक पहुंचने में असफल रही थी। इस वजह से माना जा रहा है कि करन को आगामी आईपीएल 2025 सीजन में कप्तानी से हटाया जा सकता है।
फ्रेंचाइजी के नए कप्तान की दौड़ में अर्शदीप सिंह का नाम सबसे आगे है। अर्शदीप ने पिछले कुछ सीजन्स में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और वह घरेलू क्रिकेट में भी पंजाब की ओर से खेलते हैं। इसके अलावा, जितेश शर्मा, जिन्हें आईपीएल 2024 में उप-कप्तान की भूमिका दी गई थी, भी एक मजबूत दावेदार हैं। जितेश ने पिछले सीजन में एक फिनिशर के रूप में शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे उनकी कप्तानी की दावेदारी मजबूत हुई है।
देखना दिलचस्प होगा कि प्रीति जिंटा किसे अगले सीजन के लिए पंजाब किंग्स का कप्तान नियुक्त करती हैं।























