रायगढ़। औद्योगिक नगरी रायगढ़ में एक बार फिर स्टील प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला हादसा सामने आया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में बुधवार सुबह इंडक्शन फर्नेस में अचानक हुई बॉयलिंग से गर्म धातु उछल गई, जिसकी चपेट में आकर चार श्रमिक झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दो श्रमिकों को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे प्लांट में नियमित उत्पादन कार्य चल रहा था। श्रमिक अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में लगे थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग की स्थिति बनी और तेज दबाव के साथ गर्म धातु बाहर उछल गई। इसकी चपेट में प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू आ गए। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा।
दो श्रमिक गंभीर, अस्पताल में जारी है इलाज
हादसे में झुलसे चारों श्रमिकों को जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य दो का भी उपचार चल रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की। फर्नेस संचालन, सुरक्षा मानकों के पालन और हादसे की वास्तविक वजह की पड़ताल की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
रायगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में समय-समय पर होने वाले हादसे एक बार फिर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। इंडक्शन फर्नेस जैसे संवेदनशील सेक्शन में हुई इस घटना के बाद यह जांच का विषय होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, संचालन संबंधी चूक या किसी अन्य कारण से हुआ। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग होने से चार श्रमिक झुलसे हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















