छोड़कर सामग्री पर जाएँ

टीआरएन प्लांट के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर

FI 1

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा टेंडा के समीप गुरुवार रात एक खौफनाक सड़क हादसे में दो युवकों की अकाल मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। यह दर्दनाक हादसा भेंगारी रोड पर टीआरएन कंपनी के सामने उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क पर मौजूद एक गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक मूल रूप से जशपुर जिले के रहने वाले थे और क्षेत्र में रहकर मजदूरी करते थे।

मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के रहने वाले अमृत कुमार भगत (28 वर्ष, निवासी केसरा), पंकज भगत (22 वर्ष, निवासी बालमेर) और अतुल भगत (निवासी खोखरोआमा) घरघोड़ा क्षेत्र के एक प्लांट में मजदूरी का काम करते थे। गुरुवार की रात करीब 9 बजे तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर भेंगारी से टीआरएन कंपनी की ओर जाने वाले रास्ते से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कंपनी के सामने अंधेरे और तेज रफ्तार के बीच बाइक का संतुलन बिगड़ गया।

ग्रामीणों और मौके से मिली प्रारंभिक जानकारी की मानें तो सड़क पर मौजूद एक गड्ढे की वजह से चालक बाइक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद तीनों युवक बाइक से छिटक कर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के हवाले से यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटना के वक्त तीनों युवक शराब के नशे में थे, जिसके कारण वे रफ्तार और गड्ढे के बीच तालमेल नहीं बिठा सके। हादसे में अमृत और पंकज को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल, दो मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया। वहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने अमृत भगत और पंकज भगत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक अतुल भगत की स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण, प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रात में ही रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

घरघोड़ा पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी और नशे वाली बात में कितनी सच्चाई है। एक ही झटके में दो जवान बेटों की मौत की खबर से जशपुर स्थित उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: