छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सुशासन तिहार में संवेदनशील प्रशासन की बड़ी पहल : वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण, बढ़ा आत्मनिर्भरता का संबल

सुशासन तिहार में संवेदनशील प्रशासन की बड़ी पहल

रायगढ़, 7 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिलेभर में आयोजित समाधान शिविरों में प्रशासन द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभिन्न विकासखंडों में आयोजित शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को वॉकर, वॉकिंग स्टिक तथा श्रवण यंत्र प्रदान कर उनकी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। विकासखंड धरमजयगढ़ के बाकारूमा में 2 जून को आयोजित शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्षा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बालकपोड़ी बाकारूमा निवासी शिवप्रसाद, सिसरिंगा निवासी बंकट सिंह राठिया तथा चरखापारा बाकारूमा निवासी गुलाब को वृद्धजन छड़ी प्रदान की गई।

इसी प्रकार 3 जून को लैलूंगा विकासखंड के ढोर्रोबीजा में आयोजित शिविर में वरिष्ठ नागरिक देवसिंह सिदार एवं पेतराम सिदार को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। वहीं बैस्कीमुड़ा निवासी दिव्यांग हितग्राही सेवन कुमार चौहान को भी चलने-फिरने में सुविधा हेतु वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। 4 जून को खरसिया विकासखंड के छोटे मुड़पार में आयोजित शिविर में भैनापारा निवासी तुषार रौतिया को डिजिटल श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। वहीं कुशवाराम सिदार, अघोरी दास महंत, भोकलो पटेल एवं नान्हूराम पटेल को समायोज्य वॉकिंग स्टिक वितरित की गई।

5 जून को धरमजयगढ़ विकासखंड के छाल में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत सदस्या रजनी राठिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के करकमलों से छाल निवासी श्रीमती मनकुंवर महंत, श्रीमती गुरबारी राठिया तथा नवापारा छाल निवासी श्रीमती गंगाबाई पटेल को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। 6 जून को जनपद पंचायत रायगढ़ अंतर्गत तारापुर में आयोजित शिविर में ग्राम नंदेली निवासी हुलसराम मालाकार के आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें एक वॉकर एवं एक वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। इसी प्रकार गनपत यादव को समायोज्य वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। चलने-फिरने में असमर्थ हितग्राही को जनप्रतिनिधियों द्वारा मंच से उतरकर वॉकर प्रदान किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

शिविरों के दौरान समाज कल्याण विभाग के श्री उग्रसेन पटेल द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उन्होंने दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया, दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना तथा क्षितिज-अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत संचालित उच्च शिक्षा प्रोत्साहन, सिविल सेवा प्रोत्साहन एवं दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में उपस्थित लोगों को अवगत कराया। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से उनकी दैनिक गतिविधियां सुगम होंगी तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता मिलेगी। सुशासन तिहार के शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: