रायपुर, 07 जनवरी 2025। छत्तीसगढ़ राज्य के 75 युवाओं का दल राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए आज रवाना हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधि मंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाया जाए। हमें छत्तीसगढ़ को भी इस दिशा में आगे ले जाना है। आप सभी इस महोत्सव में राज्य का गौरव बढ़ाने के लिए जा रहे हैं।”
खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “हमारी कहावत ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ को आप सभी चरितार्थ करेंगे। इस महोत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।”
छत्तीसगढ़ से रवाना हुआ यह दल भारत मंडपम, नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी, 2025 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेगा। इस आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए युवा अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और विविध सांस्कृतिक धरोहर को साझा कर भारत की एकता और समृद्धि को मजबूत कर सकें।

























