रायगढ़। प्रेम प्रसंग में महिला व युवक के बीच छिड़ा विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एसपी कार्यालय पहुंच कर एक-दूसरे के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। युवक की ओर से महिला समूह केे सदस्यों ने गांव के युवक को ब्लैकमेल कर महिला द्वारा परेशान किये जाने को लेकर लिखित शिकायत दी है। वहीं महिला ने युवक पर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस की ओर से दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया गया है। पुसौर थानांतर्गत ग्राम भाठनपाली के महिला समूह के सदस्यों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि गांव की ही एक महिला का गांव के प्रवीण कुमार गुप्ता के साथ प्रेम प्रसंग था।
एक वर्ष पूर्व महिला प्रवीण को अपने साथ रायगढ़ ले गई थी जहां किराये के मकान में वे रहते थे। वहीं कुछ समय बाद महिला एक अन्य व्यक्ति के संपर्क में आ गई और दोनों मिलकर प्रवीण से पैसे व जेवर की मांग करते हुए उसे ब्लैकमेल करने लगे। उन्होंने बताया कि महिला और उसके साथियों ने मिलकर प्रवीण पर पूर्व में हमला भी किया था, जिसकी शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई थी। वहीं, शुक्रवार को महिला कुछ लोगों के साथ प्रवीण के घर पहुंच कर उसकी मां को धमकाते हुए प्रवीण के बारे में पूछा और उसे जान से मार देने की धमकी दी।
ऐसे में गांव में तनाव का माहौल बन गया है। उन्होंने महिला के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर उक्त महिला भी एसपी कार्यालय पहुंच कर अपनी लिखित शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि प्रवीण प्रधान ने पिछले एक वर्ष तक उसका शरीरिक शोषण किया। इस संबंध में पूर्व में भी उसके द्वारा आवेदन दिया गया था, लेकिन आज पर्यंत कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। महिला का कहना है कि उसने थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद प्रवीण गांव से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए उन्हें आश्वस्त किया है।


























