रायगढ़, 27 नवम्बर 2026/ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को 26 एवं 27 नवंबर को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें कुष्ठ रोग के लक्षणों और उपचार की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने नर्व स्थिति की पहचान और दिव्यांगता से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को छिपे हुए कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार एमडीटी दवा का पूरा उपचार दिलाने के निर्देश दिए।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा ने प्रशिक्षण में बताया कि त्वचा पर हल्के रंग के दाग-धब्बे, प्रभावित हिस्से में स्पर्श का एहसास कम होना या समाप्त होना, नसों में सूजन अथवा मोटापन और कान में गांठ जैसे लक्षण कुष्ठ रोग के संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच और पूरा उपचार लेने से रोग से होने वाली गंभीर जटिलताओं एवं दिव्यांगता को रोका जा सकता है।
जिला परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.भानु पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने और लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने कहा। प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, एनएमए मोहन साहू, दिनेश यादव एवं फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अनीता पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

























