छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किसी को ट्राइसाइकिल तो किसी को श्रवण यंत्र की दरकार: जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की फरियाद, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

IMG 20261117 WA0006

रायगढ़, 16 नवंबर 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विकासखंड लैलूंगा के ग्राम पंचायत ऐंकरा के जगदीश सिदार ने गांव में मुक्तिधाम एवं आहता निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम दर्रीडीह के भक्तराम प्रधान ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए काफी समय पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को मामले में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम रेंगालपाली की गौरी गुप्ता ने बताया कि उन्हें जन्म से ही सुनने में परेशानी है। उन्होंने श्रवण संबंधी समस्या के समाधान के लिए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसी तरह मितानिन सरिता चौहान ने मितानिनों की जिला चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन में लंबी प्रतीक्षा के कारण हो रही परेशानियों की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया।

ग्राम अमलडीहा के छबि राम ने नक्शा बंटवारे के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी देते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की। वहीं ग्राम सूपा के गजपति रात्रे ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए दैनिक कार्यों में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया और आवागमन की सुविधा के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: