छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छत्तीसगढ़ एआई मिशन की पहली बैठक संपन्न, रायपुर समेत पांच संभागों में खुलेंगे सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस

IMG 20261104 WA0061 3
  • पहले वर्ष में स्थापित होंगी 20 एआई डेटा लैब्स, पांच संभागों में बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र
  • प्रदेश के 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को दिया जाएगा एआई प्रशिक्षण, पहले चरण में 15 हजार कर्मचारी होंगे प्रशिक्षित
  • स्कूली छात्रों और युवाओं के लिए भी तैयार होंगे विशेष पाठ्यक्रम

रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने और प्रशासनिक व्यवस्था को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ एआई मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य में एआई आधारित तकनीकी विकास, सुशासन और नागरिकों के सशक्तिकरण के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

पहले वर्ष में स्थापित होंगी 20 एआई डेटा लैब्स

राज्य में डेटा और तकनीकी अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए पहले वर्ष में 20 एआई डेटा लैब्स स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में पांच सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) बनाए जाएंगे। रायपुर में एनआईटी और आईआईआईटी नया रायपुर के सहयोग से इन केंद्रों के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशासनिक कार्यों में एआई के उपयोग और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के लगभग 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पहले चरण में आईआईआईटी, एनआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से 15 हजार शासकीय सेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

छात्रों और युवाओं के लिए तैयार होंगे विशेष पाठ्यक्रम

स्कूली छात्रों, उच्च शिक्षा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए एआई आधारित विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और डिजिटल सामग्री विकसित की जाएगी। पहले वर्ष में हजारों युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अनुसंधान और फेलोशिप को मिलेगा बढ़ावा

राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं के लिए अनुदान, चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्ताव भी कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं। इससे प्रदेश में तकनीकी नवाचार और अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

विभागों के समन्वय से तैयार होगी कार्ययोजना

मुख्य सचिव विकासशील ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं और उपयोगिता के अनुरूप समन्वय स्थापित कर एआई मिशन की कार्ययोजना तैयार करें। मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य है।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव रोहित यादव, सूचना एवं प्रौद्योगिकी तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव बसवराजु एस., लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें:

5249a07088abade6917bc8ee063271794526fa7c9ed4e05739ff410dd4948b17?s=90&d=mm&r=g

आशीष शर्मा

Share: