- उमेश पटेल बोले – ‘पिताजी की दिखाई दिशा आज भी मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा’
- नंदेली के समाधि स्थल से प्रतिमा और स्मृति स्थलों तक उमड़ी श्रद्धा, सेवा कार्यों के साथ दी गई माटी पुत्र को श्रद्धांजलि
खरसिया। पिता की यादें, आंखों में नमी और दिल में संस्कारों की गूंज। जननायक शहीद नंदकुमार पटेल की 73वीं जन्मजयंती पर रविवार, 8 नवंबर को उनके पुत्र उमेश पटेल पूरे परिवार के साथ नंदेली स्थित समाधि स्थल ‘शांति बगिया’ पहुंचे। यहां उन्होंने पिता और बड़े भाई शहीद दिनेश पटेल की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर आशीर्वाद लिया। अपनों को खोने का दर्द और यादों से जुड़ा भावुक रिश्ता एक बार फिर सामने आया। जननायक को गए 13 वर्ष बीत गए, लेकिन क्षेत्र की जनता का स्नेह और सम्मान उनके प्रति आज भी वैसा ही है। समाधि स्थल से शुरू हुआ श्रद्धांजलि का सिलसिला खरसिया और रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों से होता हुआ सेवा कार्यों तक पहुंचा, जहां कांग्रेसजनों और क्षेत्रवासियों ने अपने माटी पुत्र को नमन किया।
समाधि स्थल के बाद उमेश पटेल उन सभी स्थानों पर पहुंचे, जहां शहीद नंदकुमार पटेल और शहीद दिनेश पटेल की स्मृतियां संजोई गई हैं। उन्होंने खरसिया के मदनपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय, ठुसेकेला के बारातोरहीन चौक और खरसिया रेस्ट हाउस के समीप स्थित स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। हर जगह पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के स्नेहीजन बड़ी संख्या में पहुंचे और दोनों शहीदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सादर नमन किया। स्मृति स्थलों पर उमड़ी श्रद्धा ने दिखाया कि दोनों की यादें आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
सीख, संस्कार और आशीर्वाद का एहसास हर पल साथ – उमेश पटेल
भावुक शब्दों में अपने मन की बात साझा करते हुए उमेश पटेल ने कहा, “पिताजी आज हमारे बीच प्रत्यक्ष रूप से नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख, संस्कार और आशीर्वाद का एहसास हर पल मेरे साथ है। जीवन की हर राह पर उनकी दिखाई दिशा आज भी मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। पिताजी के विचार, आदर्श और जनसेवा के संस्कार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। पूज्य पिताजी की जन्मजयंती पर उन्हें शत्-शत् नमन।”
वृद्धाश्रम में मिठाई, जरूरतमंदों को दीप-तेल
जयंती को सेवा से जोड़ते हुए जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण एवं शहर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रायगढ़ के वृद्धाश्रम में मिठाई बांटी और बुजुर्गों के साथ आत्मीय पल बिताए। इसी तरह जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर के चक्रधर नगर मंडल, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में चक्रधर नगर में पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं जरूरतमंद परिवारों को दीप और तेल बांटकर दीपावली की खुशियां साझा की गईं।

किरोड़ीमल नगर में भी श्रद्धांजलि
किरोड़ीमल नगर स्थित शहीद नंदकुमार पटेल की प्रतिमा पर नगर कांग्रेस कोकड़ीतराई और किरोड़ीमल नगर के साथियों व स्नेहीजनों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों ने उनके जीवन, विचारों और जनसेवा के योगदान को याद किया।

नंदेली के सरपंच से प्रदेश के पहले गृहमंत्री तक
8 नवंबर 1953 को नंदेली में जन्मे नंदकुमार पटेल ने राजनीति की शुरुआत अपने गांव से की। वे आठ वर्षों तक नंदेली के सरपंच रहे और 1979 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए। 1990 में खरसिया से पहली बार विधायक बने और फिर 1993, 1998, 2003 और 2008 में भी जनता ने उन्हें चुना। वे मध्य प्रदेश सरकार में गृहमंत्री रहे और नवंबर 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य बनने पर प्रदेश के पहले गृहमंत्री बने। अप्रैल 2011 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस की कमान मिली, जब संगठन कठिन दौर से गुजर रहा था।

झीरम घाटी का वह दिन
25 मई 2013 को बस्तर की झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुए नक्सली हमले में नंदकुमार पटेल और उनके पुत्र दिनेश पटेल शहीद हो गए। नंदेली में जब उमेश पटेल ने पिता और भाई को मुखाग्नि दी, तब “नंदकुमार पटेल अमर रहे” के नारों के बीच हजारों आंखें नम थीं। इसी वर्ष सितंबर में एनआईए की विशेष अदालत ने इस मामले में 10 आरोपियों को दोषी ठहराकर मृत्युदंड की सजा सुनाई है। फैसले के बाद यह उनकी पहली जयंती है।

उनकी स्मृति रायगढ़ के शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के नाम में भी जीवित है। पंचायत से प्रदेश की राजनीति तक का उनका सफर और खरसिया की जनता से उनका जुड़ाव आज भी लोगों को प्रेरणा देता है। श्रद्धांजलि के साथ सेवा और संवेदना से जुड़े जयंती के इन आयोजनों ने जननायक के आदर्शों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।































You must be logged in to post a comment.