छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शिक्षक के सूने मकान से नकदी और जेवर चोरी, सरिया थाने में मामला दर्ज

Chor

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोदा में अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के सूने मकान को निशाना बनाया। चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है। घटना के समय शिक्षक अपने परिवार के साथ पितृ पिंडदान के लिए अपने गृहग्राम गए हुए थे।

उत्तर प्रदेश के मूल निवासी देवेंद्र सिंह राजपूत पिछले करीब 12 वर्षों से प्राथमिक शाला पंचधार में शिक्षक के रूप में पदस्थ हैं। वह ग्राम बोदा के डिपापारा में अपना मकान बनाकर रह रहे हैं। करीब आठ दिन पहले वह अपने परिवार सहित गृहग्राम गए थे। इसी दौरान उन्हें मकान में चोरी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने बोदा निवासी आकाश निषाद को फोन कर घर जाकर देखने को कहा।

सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में देखा गया टूटा ताला

शिक्षक से सूचना मिलने के बाद आकाश निषाद गांव के सरपंच गोवर्धन निषाद, उपसरपंच अर्जुन रात्रे और मोहल्ले के लोगों के साथ दोपहर करीब 3 बजे मौके पर पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और कपड़े व अन्य घरेलू सामान बिखरा पड़ा था।

इसकी जानकारी फोन पर शिक्षक को दी गई। शिक्षक के अनुसार अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने के कान के टॉप्स, सोने की नाक की फुल्ली और एक जोड़ी चांदी की पायल गायब मिली है। चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।

बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज

घटना को लेकर आकाश निषाद ने सरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिक्षक और उनके परिवार के लौटने के बाद चोरी गए सामान का विस्तृत ब्योरा स्पष्ट हो सकेगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: