रायगढ़ (केलो प्रवाह)। फास्ट फूड व्यवसायी के सूने घर में धावा बोलकर किसी ने नगद 50 हजार रूपए पार कर देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। उक्त चोरी की वारदात धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ के पतरापारा निवासी महेन्द्र कुमार गुप्ता फास्ट फूड का ठेला लगा कर जीवन यापन करता है।
गुरूवार की रात को घर में ताला लगा कर महेन्द्र परिवार सहित रायपुर गया था। वहीं शुक्रवार की सुबह उसके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और भीतर सामान बिखरा पड़ा है। रविवार को वह वापस आया और घर के सामान की जांच की तो आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था तथा उसमें रखे 50 हजार रूपए नगद गायब थे।
घर में हुई चोरी की उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं पुलिस ने महेन्द्र कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 305 (इ), 331 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है।























