बालोद। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम झोपरा में तीज पर्व की तैयारियों के बीच एक घर की खुशियां मातम में बदल गईं। आंगन में खेल रहा ढाई साल का एक मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक बच्चे की पहचान रुद्राक्ष नेटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रुद्राक्ष दोपहर में अपने घर के आंगन में खेल रहा था, जबकि उसकी मां घर के कामों में व्यस्त थी। खेलते-खेलते वह घर से कुछ दूर बने एक कम्पोस्ट पिट (घुरवा) के पास पहुंच गया।
यह गड्ढा बारिश के पानी से भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे गड्ढे में जा गिरा। जब तक परिवार वालों ने उसे देखा और बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह हादसा एक ग्रामीण की लापरवाही की वजह से हुआ है। परिवार के मुताबिक, गांव के ही एक व्यक्ति ने घर के पास बिना किसी घेराबंदी या ढक्कन के यह गहरा गड्ढा खोदा था।
परिजनों ने दावा किया कि उन्होंने उस व्यक्ति से गड्ढे को ढकने या बाड़ लगाने के लिए कहा था, क्योंकि वहां छोटे बच्चे खेलते हैं और अनहोनी का खतरा था। लेकिन, उनकी बात को अनसुना कर दिया गया, जिसके चलते यह दुखद घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रनचिरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में हादसे की परिस्थितियों और गड्ढे से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर गौर किया जा सकता है।






















