जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी पिकनिक मनाने गए तीन कॉलेज छात्रों के लिए काल साबित हुई। बिलासपुर स्थित चौकसे कॉलेज के बी-फार्मा प्रथम वर्ष के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार को देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी ले रहे एक छात्र का पैर अचानक फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में कूदे दो अन्य छात्र भी नदी की धारा में लापता हो गए।
नदी में बहे तीन छात्र, तलाश जारी
घटना बलौदा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम लापता तीनों छात्रों की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक छात्रों का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की जानकारी तीनों छात्रों के परिजनों को दे दी है।
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच आठ छात्र-छात्राएं देवरी गांव पहुंचे थे। इनमें चार लड़कियां और चार लड़के शामिल थे। नदी के पास सेल्फी ले रहे मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) में से एक का पैर फिसल गया। तेज बहाव के कारण वह बहने लगा, जिसे देखते ही बाकी दोनों छात्र उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। हालांकि, नदी का बहाव इतना तेज था कि तीनों छात्र उसमें बह गए।






















