छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शादी के निमंत्रण के बहाने रिटायर्ड अकाउंटेंट का मोबाइल हैक, ₹1.40 लाख पार

images

बिलासपुर: बिलासपुर में एक रिटायर्ड अकाउंटेंट के साथ ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने चतुराई से शादी के निमंत्रण कार्ड के बहाने उनके मोबाइल को हैक कर लिया और बैंक खाते से करीब 1 लाख 40 हजार रुपए की रकम उड़ा ली। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र में हुई है, जिसने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निमंत्रण का एपीके फाइल बना जाल

जानकारी के अनुसार, कपिल नगर निवासी जनार्दन प्रसाद (64), जो शिक्षा विभाग से रिटायर्ड अकाउंटेंट हैं, 3 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। इस मैसेज में शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया था, जो कि एक एपीके फाइल के रूप में था। जनार्दन प्रसाद ने इसे किसी परिचित का निमंत्रण समझकर उस फाइल पर क्लिक कर दिया।

मोबाइल हैक, खाते से रकम गायब

जैसे ही उन्होंने एपीके फाइल पर क्लिक किया, उनका मोबाइल अचानक हैंग होने लगा। शुरुआत में उन्हें समस्या की गंभीरता का अहसास नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल की जांच कराई, तो पता चला कि साइबर ठगों ने उनके फोन को पूरी तरह से हैक कर लिया है। हैकर्स ने इस एक्सेस का फायदा उठाते हुए उनके बैंक खाते से 1 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए। जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचाव के उपाय

इस घटना के मद्देनजर, साइबर विशेषज्ञ लोगों को इस तरह की ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। वे बताते हैं कि:

  • शादी के कार्ड या किसी भी निमंत्रण के नाम पर आने वाली एपीके फाइल या संदिग्ध लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें।
  • अनजान नंबरों से आए निमंत्रण कार्ड या फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। एंड्रॉइड मोबाइल में एपीके फाइल इंस्टॉल होने पर ठग संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं।
  • व्हाट्सएप पर आए किसी भी अनजान पीडीएफ, एपीके या लिंक को खोलने से पहले, भेजने वाले की पहचान फोन करके अवश्य सुनिश्चित करें।
  • अपने मोबाइल में ‘अननोन सोर्सेज’ से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें।
  • किसी भी वेबसाइट या ऐप पर अपनी SMS, बैंकिंग, OTP, UPI PIN या कार्ड की जानकारी साझा न करें।
  • बैंक खाते से जुड़ा OTP, UPI PIN और CVV कभी भी किसी के साथ साझा न करें।
  • यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो गया है, तो तुरंत इंटरनेट बंद करें, उस ऐप को हटा दें और अपने बैंक से संपर्क कर खाते/कार्ड को सुरक्षित कराएं।
  • खाते से पैसे निकल जाने की स्थिति में, तुरंत 1930 पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
  • अपने मोबाइल में बैंकिंग ऐप और अन्य महत्वपूर्ण खातों के पासवर्ड/PIN को सुरक्षित डिवाइस से बदलें।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: