रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे बुधवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है और मुकाबले से पहले मौसम को लेकर फैंस की चिंता बढ़ गई है। पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम दमदार लय में है। कप्तान केएल राहुल की अगुआई में टीम इंडिया 27 रनों से जीतकर मैदान में उतरेगी, वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा की फॉर्म टीम के हौसले को और मजबूत कर रही है। पिछले मैच में दोनों ने बेहतरीन शतकीय साझेदारी निभाई थी, जिसमें कोहली ने अपना 83वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया था।
मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक, बुधवार को रायपुर में हल्की बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन इतनी नहीं कि मैच रद्द होने का खतरा पैदा हो। दिनभर आसमान हल्का बादलों से घिरा रह सकता है, लेकिन मुकाबले पर इसका खास असर नहीं पड़ेगा। दिन का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि मैच सामान्य परिस्थितियों में आसानी से खेला जाएगा, और अगर बीच में फुहारें आई भी तो खेल जल्दी ही दोबारा शुरू हो जाएगा। हालांकि शाम होते-होते स्टेडियम में ओस गिरने की संभावना ज्यादा है, जो दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। ऐसे में टॉस भी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमें इस अहम मुकाबले के लिए अपने-अपने मजबूत स्क्वाड के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। भारतीय टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल जैसे दमदार बल्लेबाज शामिल हैं, वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे विकल्प टीम को मजबूत संतुलन दे रहे हैं। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के पास क्विंटन डी कॉक, एडन मार्क्रम, बावुमा, मार्को यानसेन और केशव महाराज जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी स्थिति में मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरा वनडे दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1 बजे होगा। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध रहेगा और डिजिटल दर्शक जियोहॉटस्टार ऐप या वेबसाइट पर मुकाबले का सीधा आनंद ले सकेंगे। रायपुर में जुटने वाले क्रिकेट प्रेमियों और टीवी पर मैच देखने वालों के लिए राहत की बात यही है कि मौसम की चाल इस रोमांचक मुकाबले को ज्यादा प्रभावित करती नहीं दिख रही है, और फैंस को बुधवार को एक और रोमांचक भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

























