रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में पैसे के विवाद ने 28 वर्षीय राजमिस्त्री गिरिजा शंकर धीवर की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, मृतक की हत्या उसके परिचितों ने मिलकर की और इसके बाद आरोपी मृतक के साथ ही शराब और मछली की पार्टी करने से नहीं हिचके। इस संबंध में रायपुर ASP दौलत राम पोर्ते ने बताया कि मंगलवार (12 अगस्त) की सुबह आरंग-राटाकाट रोड के पास झाड़ियों में मृतक की लाश मिली। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और पास ही उसकी बाइक भी बरामद हुई। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका के साथ मामला दर्ज किया।
दोस्तों के साथ मिलकर बनाई हत्या की योजना
जांच में सामने आया कि गिरिजा शंकर का मधुसूदन लोधी के साथ पिछले कुछ समय से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। मधुसूदन ने पुलिस को बताया कि गिरिजा शंकर अक्सर उसके खिलाफ गाली-गलौज करता और परिवार के सामने अपमान करता था।मधुसूदन ने हत्या की योजना अपने दोस्तों – डिगेश्वर लोधी, अजय निशांत, नीलकंठ लोधी, जयप्रकाश लोधी और कमल लोधी के साथ बनाई। आरोपियों ने शराब पिलाने के बहाने गिरिजा शंकर को नहर के किनारे बुलाया, जहां पहले से मौजूद अन्य आरोपी भी थे।
हत्या में बाद सबूत मिटाने की साजिश
जांच में यह सामने आया कि मधुसूदन ने गमछे से गिरिजा शंकर का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल गमछे को जलाकर और मोबाइल तोड़कर तालाब में फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद उन्होंने शराब और मछली की पार्टी भी की। पुलिस ने इलाके में पूछताछ कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो बाइक और मोबाइल बरामद किए गए हैं। ASP दौलत राम पोर्ते ने बताया कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ जारी है और मामले की तह तक जाकर कार्रवाई की जाएगी।
बहरहाल यह मामला न केवल पैसे के विवाद की भयावह परिणति है, बल्कि यह स्थानीय समाज में बढ़ती हिंसा और अपराध के प्रति चेतावनी भी है। पुलिस की सतर्कता के बावजूद यह घटना समाज में डर और चिंता का कारण बनी हुई है।



























You must be logged in to post a comment.