बालोद। बालोद जिले के नर्राटोला गांव में 21 वर्षीय धनेश्वरी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। मृतका का शव उसके घर के एक कमरे में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जांच के लिए मौके पर मौजूद रहे।
परिजनों के मुताबिक, सुबह जब सभी सोकर उठे, तो धनेश्वरी का शव कमरे में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के बाद ही घटना के बारे में और जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हत्या की दिशा में जांच शुरू कर दी है।

























