छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ट्रेनिंग से क्षमताओं को बढ़ाएं और चयन के लिए दें अपना बेस्ट-वित्त मंत्री ओपी चौधरी

IMG 20240801 WA0063
  • वित्त मंत्री चौधरी ने अग्निवीर भर्ती के लिए नि:शुल्क आवासीय शारीरिक दक्षता ट्रेनिंग का किया शुभारंभ, अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
  • वित्त मंत्री चौधरी ने स्वेच्छानुदान से सभी प्रशिक्षणार्थियों को 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की
  • अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में चयनित युवाओं को पुलिस लाइन उर्दना में विशेषज्ञ ट्रेनर्स देंगे फिजिकल टेस्ट की ट्रेनिंग
  • जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आगामी अग्निवीर लिखित परीक्षा की दी जायेगी कोचिंग, तैयारी के लिए किताबों का होगा वितरण, वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल
  • दिसंबर में रायगढ़ स्टेडियम में होने जा रही अग्निवीर शारीरिक दक्षता परीक्षा

रायगढ़, 1 अगस्त 2024/ वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज पुलिस लाइन उर्दना में अग्निवीर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल हो रहे सभी अभ्यर्थियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप सभी पूरे लगन और मेहनत के साथ इस ट्रेनिंग का लाभ उठाकर अपनी क्षमताओं को बढ़ाएं, कमियों को दूर करें। दिसंबर में शारीरिक दक्षता परीक्षा है उसके पहले आपके पास काफी समय है तो खुद को अच्छे से तैयार करें और अपना बेस्ट दें। हमारी शुभकामनाएं हैं आप सभी चयनित हो। उन्होंने कहा कि अग्निवीर में चयन युवाओं को देश सेवा का मौका देगा। उनका आत्मसम्मान बढ़ेगा और वे आत्मनिर्भर होंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपनी ओर से 5-5 हजार रूपए सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के लिए जूते और ट्रैक सूट भी प्रदान किए।

इस मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शिक्षा और सही समय में लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा वो सशक्त माध्यम है जो अपनी क्षमता बढ़ाने और ऊंचा मुकाम हासिल करने में मदद करता है। इसलिए पढ़ाई के साथ लक्ष्य निर्धारित करना और उसे पाने के लिए सही समय पर सही प्लानिंग बहुत जरूरी है। आप सभी ने अपने भविष्य के लिए लक्ष्य तय कर उसे पाने में जुटे है। हमारा प्रयास होगा कि यहां आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा के माध्यम से आपके लक्ष्य को पाने में सहयोग करें। हमारी सरकार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अग्निवीरों को प्रदेश की स्थानीय भर्तियों में प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।

कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने प्रशिक्षण के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों से कहा कि यह आप सभी के लिए सुनहरा अवसर है। इसका भरपूर लाभ उठाएं। आपके ट्रेनिंग के लिए पूरा मॉड्यूल बनाया गया है। रहने और खाने की नि:शुल्क व्यवस्था है। यहां विभाग के ट्रेनर्स भी हैं, जो टेस्ट के मापदंडों के अनुरूप ट्रेनिंग देंगे। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि जिले के चयनित युवाओं के पूर्णत: आवासीय प्रशिक्षण की तैयारी पुलिस लाइन उर्दना में की गई है। ट्रेनिंग के लिए शेड्यूल बनाया गया है। जिसमें फिजिकल टेस्ट के हिसाब से दौड़, बीम टेस्ट, लंबी कूद, जिगजैग आदि की ट्रेनिंग दी जाएगी। जिसके लिए यहां मैदान और पूरी व्यवस्था है।

गौरतलब है कि रायगढ़ जिले के ऐसे युवा जो अग्निवीर (थलसेना) की लिखित परीक्षा में चयनित हुए थे उन्हें जिला प्रशासन द्वारा नि:शुल्क शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा। पुलिस लाइन उर्दना में नि:शुल्क आवासीय फिजिकल ट्रेनिंग की व्यवस्था की गई है। यहां अभी तक जिले के 27 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया है। फिजिकल टेस्ट से पहले दो चरणों में यह ट्रेनिंग पूरी की जाएगी। पहले चरण में मुख्य प्रशिक्षण का आयोजन होगा। जिसके बाद टेस्ट से पहले पुन: रिफ्रेशर ट्रेनिंग दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दिसम्बर माह में रायगढ़ में अग्निवीर भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन होने जा रहा है।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, कमांडेंट 6 वीं बटालियन श्रीमती सुरेशा चौबे, डीएसपी अखिलेश कौशिक, विजय अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, मुकेश जैन, कौशलेश मिश्रा, अनुपम पाल, रंजू संजय, प्रवीण द्विवेदी, ऐश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी ब्लॉक मुख्यालयों में लिखित परीक्षा की देंगे कोचिंग, तैयारी के लिए किताबें भी देंगे
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आगामी अग्निवीर चयन सहित पुलिस और दूसरी चयन परीक्षाओं के लिए सभी ब्लॉक मुख्यालयों में कोचिंग शुरू करने के लिए कहा। इसमें परीक्षा के लिए उपयोगी किताबें भी छात्रों को वितरित करने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन में फिजिकल ट्रेनिंग की व्यवस्था होगी। जिससे जिले के अधिक से अधिक अभ्यर्थी इन परीक्षाओं में पूरी तैयारी के साथ शामिल हो सकें।

वित्त मंत्री चौधरी ने पुलिस लाइन में लगाया पीपल का पेड़
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस दौरान पुलिस लाइन उर्दना परिसर में पीपल का पेड़ लगाया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी वहां वृक्षारोपण किया।

शारीरिक दक्षता हेतु चयनित जिले के अभ्यर्थी नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण हेतु कर सकते है संपर्क
जिला प्रशासन द्वारा शारीरिक दक्षता के लिए चयनित विद्यार्थियों के लिए पुलिस लाईन उर्दना में नि:शुल्क आवासीय कोर्स आयोजित किया जा रहा है। जिसमें जिले के विद्यार्थी जो शारीरिक दक्षता हेतु उत्तीर्ण हुए वे भी इसमें शामिल हो सकते है। ऐसे सभी विद्यार्थी एपीसी समग्र शिक्षा श्री भुनेश्वर पटेल के मोबा.नं.7000081311 को समस्त विवरण भेजकर ट्रेनिंग में शामिल हो सकते है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: