रायपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद छत्तीसगढ़ में 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से यह शोक 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक लागू रहेगा। इस दौरान राज्य में सरकारी स्तर पर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा।
राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को आदेश जारी करते हुए निर्देश दिया है कि समस्त शासकीय भवनों और उन स्थानों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और मंत्री ओपी चौधरी के सभी निर्धारित दौरा कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। राज्य के सभी सरकारी विभागों और संस्थानों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “डॉ. सिंह देश के एक महान अर्थशास्त्री और राजनेता थे। उनका योगदान देश के विकास के लिए सदैव याद किया जाएगा। उनकी सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से हमें प्रेरणा मिलती है।”

छत्तीसगढ़ की जनता भी इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त कर रही है। शोक अवधि के दौरान राज्यभर में सादगी और शांति का माहौल बनाए रखने का आह्वान किया गया है।


























You must be logged in to post a comment.