छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किरोड़ीमल कॉलोनी में 65 मकान, जिनको हुआ था आवंटन, वही गायब

FB IMG 1791788794916
  • कई बहुमंजिला इमारतों का निर्माण, कई परिवारों को किराए पर देकर हर महीने हजारों की कमाई

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। यदि आप चाहते हैं हर कोई नियमों का पालन करे, तो शुरुआत खुद से करनी होगी। यह बात सेठ किरोड़ीमल चैरिटेबल ट्रस्ट पर लागू होती है। अपनी संपत्तियों को टैक्स से बचाने के लिए धर्मादा ट्रस्ट होने की आड़ ली जाती है। वहीं सारी संपत्तियों का आवासीय और व्यावसायिक उपयोग कर हर महीने लाखों की कमाई की जा रही है। सेठ किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट के संपत्तियों की जांच शुरू हो चुकी है। संपत्तियों के मूल स्वरूप को बदला जा चुका है। जो दुकान 200 वर्गफुट की थी, 300 वर्गफुट की हो चुकी है। सामने सडक़ को भी दुकान में मिला लिया गया है।

जो मकान दो कमरे का था, वह अब तीन मंजिला इमारत बन गई है। जहां धर्मशाला थी, वहां होटल, शोरूम खुल चुके हैं। ट्रस्ट की संपत्तियों को नियमों के दायरे में उपयोग करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों की थी, जिसमें वे नाकाम रहे। अब हालात ऐसे हैं कि सारी संपत्तियां मॉडिफाई हो चुकी हैं। ट्रस्ट पंजीकरण अधिकारी को बिना सूचना दिए संपत्तियों का अंतरण होता रहा। एक स्टाम्प पेपर पर लिखकर दुकानें और मकान एक व्यक्ति से दूसरे को दी जाती रही। नियमानुसार प्रतिवर्ष संपत्तियों की अद्यतन जानकारी और ऑडिट रिपोर्ट एसडीएम के पास जमा करना होता है, लेकिन सेठ किरोड़ीमल चैरिटेबल ट्रस्ट के

संबंध में जानकारी एसडीएम को भी नहीं दी गई। हर साल की ऑडिट रिपोर्ट ही नहीं है। संपत्तियों की सूची में किरोड़ीमल कॉलोनी के करीब 65 मकान भी हैं। उनके आवंटियों के नाम अपडेट नहीं किए गए हैं। संपत्ति का वर्तमान स्वरूप और क्षेत्रफल भी बदल चुका है। इन 65 मकानों में कई बहुमंजिला इमारतों में बदल चुकी हैं। ट्रस्ट ने जिनको किराए पर मकान दिया था, उन्होंने इसे किसी और को किराए पर दे दिया। ट्रस्ट नाममात्र का किराया लेता है लेकिन मकान से हजारों रुपए प्रतिमाह प्राप्ति हो रही है।

ढूंढ़ रहे हैं ऑडिट रिपोर्ट
सेठ किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट के संपत्तियों की जांच कई स्तरों पर चल रही है। ट्रस्ट के पंजीयन नियमों के मुताबिक कार्रवाई हो रही है। नियमों के मुताबिक टैक्स का भी निर्धारण होगा। इस बीच ट्रस्ट की ऑडिट रिपोर्ट भी खोजी जा रही है। हर साल के रिपोर्ट को जांचा जाएगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: