खेती अब सिर्फ हल जोतने और परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं रही। आज के किसान स्मार्ट हो चुके हैं और कम ज़मीन से ज़्यादा कमाई के तरीके ढूंढ रहे हैं। यदि आप भी उन्हीं में से एक हैं, जो पारंपरिक खेती से हटकर कुछ नया करना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद खास है। ऐसे फल की खेती की बात कर रहे हैं जिसकी कीमत बाजार में ₹500 प्रति किलो तक पहुंच जाती है। जी हां, आपने सही पढ़ा। एक ऐसा फल, जिसकी खेती यदि एक एकड़ में की जाए तो किसान सालभर में 5 से 10 लाख रुपये तक की कमाई कर सकता है।
यह फल न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि देखने में भी इतना आकर्षक होता है कि ग्राहक इसे खरीदने से खुद को रोक नहीं पाते और सबसे अनोखी बात इसके बीज फल के अंदर नहीं, बल्कि बाहर दिखाई देते हैं। अब आप समझ ही गए होंगे कि हम किस फल की बात कर रहे हैं…यह है स्ट्रॉबेरी लाल, रसीला और बेहद लाभकारी फल, जिसकी खेती आजकल कई राज्य के किसान कर रहे हैं और शानदार मुनाफा कमा रहे हैं। खासकर महाराष्ट्र के महाबलेश्वर, नासिक और पुणे जैसे इलाकों में स्ट्रॉबेरी की खेती बड़े पैमाने पर होती है, क्योंकि यहां की जलवायु इसके लिए अनुकूल मानी जाती है।
खेती से कैसे कमाएं लाखों?
स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए सबसे पहले ज़रूरी है सही जलवायु और मिट्टी का चयन। इसके लिए ठंडी और नमी युक्त जलवायु सबसे बेहतर होती है। दिन का तापमान 15 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच हो तो फसल अच्छी होती है। मिट्टी की बात करें तो रेतीली और जैविक तत्वों से भरपूर दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है। pH मान 6 से 6.5 के बीच हो तो स्ट्रॉबेरी की खेती बेहतरीन होगी।
क्या है उत्पादन और बाजार मूल्य?
एक एकड़ में यदि स्ट्रॉबेरी की वैज्ञानिक विधि से खेती की जाए, तो करीब 7000 से 8000 किलो तक उत्पादन संभव है। जब बाजार भाव ₹100 किलो भी हो, तब भी 7 से 8 लाख रुपये की आमदनी हो जाती है। लेकिन जब यही कीमत ₹400 से ₹500 प्रति किलो पहुंचती है, जैसा कि सर्दियों में अक्सर होता है तब यही मुनाफा 15 लाख रुपये तक जा सकता है।
कैसे करें खेती?
रोपाई का सही समय सितंबर से अक्टूबर होता है। सबसे पहले नर्सरी में पौधे तैयार करें, फिर खेत में ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग की मदद से रोपाई करें। पौधों के बीच 30 सेंटीमीटर और क्यारियों के बीच 40 से 50 सेंटीमीटर की दूरी रखें। समय-समय पर फसल की निगरानी करते रहें और कीट या रोग दिखने पर जैविक या रासायनिक उपाय अपनाएं। तो यदि आप खेती में बदलाव की सोच रहे हैं, और कमाई के साथ प्रयोग भी करना चाहते हैं, तो इस बार स्ट्रॉबेरी की ओर रुख ज़रूर करें। यह फल आपकी मेहनत का मीठा फल साबित होगा – नाम के साथ, दाम में भी।
खेती की ऐसी ही जमीनी जानकारियों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। पसंद आए तो शेयर जरूर करें!























