छोड़कर सामग्री पर जाएँ

137 कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुँचाना अनिवार्य

IMG 759fc0aa 357b 4cc5 93d5 1b3604b20842
  • निर्धारित कीमत से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई; अस्पतालों और दवा विक्रेताओं को मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश

रायपुर, 17 नवंबर 2026। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के दवा निर्माताओं, वितरकों, स्टॉकिस्टों, खुदरा दवा विक्रेताओं, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं कैंसर उपचार संस्थानों को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हैं।नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए), भारत सरकार द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से इन दवाओं पर व्यापार मार्जिन युक्तिकरण (ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन) लागू किया गया है।

इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में संशोधन का लाभ मरीजों तक पहुँचाना है। संबंधित संस्थानों को एनपीपीए द्वारा उपलब्ध कराई गई औषधि कंपनियों की नवीनतम संशोधित मूल्य सूची के अनुसार दवाओं का विक्रय सुनिश्चित करना होगा।सभी संबंधित प्रतिष्ठानों एवं चिकित्सा संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे संशोधित मूल्य सूची अथवा पूरक मूल्य सूची अपने परिसर में ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करें, जहाँ मरीज एवं उनके परिजन उसे आसानी से देख सकें। जहाँ लागू हो, यह सूची संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाए।

अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों को उनके यहाँ उपलब्ध तथा मरीजों को दी जाने वाली संबंधित कैंसर रोधी दवाओं की एमआरपी का संशोधित मूल्य सूची से नियमित मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी मरीज से लागू संशोधित एमआरपी से अधिक राशि नहीं ली जा सकती। साथ ही, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि अधिक मूल्य वसूली अथवा निर्देशों के उल्लंघन के मामलों में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को मूल्य सत्यापन एवं निगरानी के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देना होगा।

अधिक मूल्य वसूली या दवाओं की अनुपलब्धता की शिकायत यहाँ करें

  • छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू): 9340597097
  • एनपीपीए हेल्पलाइन: 1800-111-255
  • फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल
  • ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
  • एनपीपीए ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
  • नियंत्रक कार्यालय ईमेल: controllerraipur@gmail.com

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि संबंधित दवाओं की खरीद के समय संशोधित कीमत की जानकारी लें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना उपर्युक्त माध्यमों से दें।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: