- जिला चिकित्सालय में 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध
- निजी लैब में जांच कराने के खर्च से मरीजों को मिल रही राहत
- जल्द शुरू होगी माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा
रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब मरीजों के लिए मददगार साबित हो रही है। इस लैब में महज चार महीने के भीतर 23 हजार से अधिक मरीजों की 86 हजार 975 पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से आम नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय की यह लैब विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत दे रही है।
134 प्रकार की जांच सुविधाएं एक ही छत के नीचे
जिला प्रशासन के प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में संचालित अटल आरोग्य लैब अत्याधुनिक जांच मशीनों से सुसज्जित है। यहां वर्तमान में 134 प्रकार की उच्चस्तरीय पैथोलॉजी जांच सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। पैथोलॉजिस्ट और चिकित्सा प्रयोगशाला तकनीशियनों सहित कर्मचारियों की समर्पित टीम के कारण ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए अन्यत्र भटकने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
निजी प्रयोगशालाओं में जांच के खर्च से मिल रही राहत
इस व्यवस्था से मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में अपनी कमाई खर्च करने से राहत मिली है। चार महीने में 23 हजार से अधिक मरीजों की इतनी बड़ी संख्या में जांच होना दर्शाता है कि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध इस सुविधा का व्यापक लाभ लिया जा रहा है। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों के लिए राहतकारी साबित हो रही है।
जल्द शुरू होगी माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा
सिविल सर्जन ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक जांचों के लिए निजी प्रयोगशालाओं में अधिक राशि खर्च करने के बजाय जिला चिकित्सालय की निःशुल्क अटल आरोग्य लैब का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लैब में जल्द ही माइक्रोबायोलॉजी यानी सूक्ष्मजीव विज्ञान की जांच सुविधा भी निःशुल्क शुरू करने की तैयारी है। इससे विभिन्न प्रकार के संक्रमण और जटिल बीमारियों की पहचान में सहायता मिल सकेगी।























