छोड़कर सामग्री पर जाएँ

बस्तर की कौशल्या सेठिया ने मशरूम उत्पादन से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

20261118 212255
  • ‘बिहान’ योजना और स्व-सहायता समूह के सहयोग से ग्रामीण महिला ने खड़ा किया सफल उद्यम
  • सीमित संसाधनों से शुरू हुआ सफर, अब उत्पादन पहुंचा 700 पैकेट तक

रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की बिहान योजना और महिला स्व-सहायता समूहों के सहयोग से प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं लगातार आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी बनकर सफलता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में ग्रामीण महिलाएं अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई इबारत लिख रही हैं। बस्तर जिले के जनपद पंचायत बास्तानार के ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली कौशल्या सेठिया ने साबित कर दिया है कि पक्के इरादों और सही मार्गदर्शन से छोटे प्रयासों को भी एक बड़ा उद्यम बनाया जा सकता है। मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का आधार बनाकर कौशल्या न केवल खुद आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी एक मिसाल बन गई हैं।

समूह से जुड़ाव और प्रशिक्षण से मिली नई राह

कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण ने उनके भीतर छिपी उद्यमी क्षमता को जगाया। अपने हुनर को पक्का कर उन्होंने वर्ष 2024 में अपने घर से ही छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू किया।

बैंक ऋण और ‘बिहान’ का आर्थिक संबल

शुरुआती दौर में संसाधन सीमित थे, लेकिन बिहान (राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) और स्व-सहायता समूह का साथ उन्हें हर कदम पर मिला। समूह के माध्यम से प्राप्त सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज की मदद से उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया। अपने उद्यम को और विस्तार देने के लिए उन्होंने वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से 1 लाख रुपये का ‘स्वयं सिद्धा ऋण’ प्राप्त किया। इस वित्तीय सहयोग से उन्होंने उत्पादन क्षमता में भारी वृद्धि की और आज उनका मशरूम उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है।

स्थानीय बाजारों में बढ़ती मांग और शानदार आमदनी

कौशल्या के मशरूम उत्पादन का गणित काफी सफल साबित हो रहा है। प्रति पैकेट लागत लगभग 150 रुपये आती है और विक्रय मूल्य लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम के मान से किया जाता है। उनके द्वारा उत्पादित शुद्ध और ताजे मशरूम की पहुंच अब स्थानीय बाजारों तक बन चुकी है। वे अपने उत्पादों को बास्तानार और जगदलपुर के साथ-साथ पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी बेच रही हैं। घर से शुरू हुआ यह छोटा-सा प्रयास अब एक बेहतरीन और व्यवस्थित आजीविका गतिविधि का रूप ले चुका है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक स्थिरता और संबल मिला है।

दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

कौशल्या सेठिया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण अंचलों में महिला उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। उनकी लगन, मेहनत और सफलता को देखकर अब गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही हैं। कौशल्या ने यह दिखा दिया है कि नारी शक्ति आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कितनी मजबूत भूमिका निभा सकती है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: