रायगढ़ (केलो प्रवाह)। पॉलिटेक्निक कॉलेज हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और लगातार गहराते अव्यवस्था के संकट ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। कुछ माह पूर्व छात्रों द्वारा किए गए व्यापक आंदोलन और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मिले आश्वासनों की मियाद खत्म हो चुकी है, लेकिन धरातल पर स्थितियां सुधरने के बजाय और अधिक बदतर हो गई हैं। ऐसे में छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छात्रों के साथ मिलकर एक बार फिर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा है। छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन को आखिरी चेतावनी देते हुए मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हॉस्टल की चरमराती व्यवस्था को लेकर पूर्व में जब छात्रों ने कॉलेज में हंगामा मचाया था, तब चक्रधर नगर थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाईश देते हुए मामले को शंात कराया था। अधिकारियों ने हॉस्टल के हालात पर कॉलेज प्रबंधन को व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी थी। प्रबंधन ने उस दौरान तमाम समस्याओं का जल्द निराकरण करने का लिखित-मौखिक आश्वासन देकर मामले को शांत करा दिया था, लेकिन महीनों आज पर्यंत भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
हॉस्टल की छतों पर झाडिय़ां और घास उग आई हैं, बारिश में छतें लगातार टपकती हैं और दीवारों में सीलन की वजह से बिजली का करंट दौडऩे लगा है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। छात्र संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि पर्याप्त बजट और फंड होने के बावजूद हॉस्टल को जान बूझकर जर्जर अवस्था में छोड़ दिया गया है। हॉस्टल में रहने वाले प्रत्येक छात्र से सालाना सात हजार रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन छात्रों को बदले में सिर्फ नारकीय जीवन मिल रहा है। शिवम मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रबंधन छात्रों से लिए गए पैसों का कोई पारदर्शी हिसाब नहीं दे पा रहा है, यहां तक कि हॉस्टल का बिजली बिल तक बकाया पड़ा हुआ है।
एबीवीपी ने अतिशीघ्र व्यवस्था में सुधार लाने को लेकर एक बार फिर ज्ञापन सौंपा है। वहीं छात्र संगठन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अविलंब स्थायी समाधान नहीं निकला, तो अब उग्र आंदोलन होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

























