छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किसानों की सुविधा सर्वोपरि, रकबा सुधार के लिए बालोद जिला प्रशासन की त्वरित पहल

IMG 20261119 WA0090
  • शून्य रकबे की त्रुटि सुधरने से धान विक्रय की राह हुई आसान
  • किसानों का रकबा हो रहा अपडेट, टोकन कटने से खिले अन्नदाताओं के चेहरे

रायपुर, 19 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य शासन की किसान हितैषी नीतियों एवं जिला प्रशासन बालोद की त्वरित कार्यप्रणाली से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जिले की समस्त सहकारी समितियों में पोर्टल पर शून्य रकबा अथवा अन्य फसल प्रदर्शित होने संबंधी तकनीकी त्रुटियों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे किसानों को धान विक्रय के लिए आसानी से टोकन प्राप्त हो रहे हैं।

दस्तावेज सत्यापन के बाद शून्य रकबे की त्रुटि सुधरी, धान बेचने के लिए तैयार हुए किसान पीयूष

ग्राम मेड़की के कृषक पीयूष कुमार साहू ने बताया कि प्रारंभ में ऑनलाइन पोर्टल पर उनका धान का रकबा लगभग शून्य प्रदर्शित हो रहा था। शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए पुनः ‘एग्रीस्टैक’ पोर्टल खोले जाने तथा सहकारी समिति स्तर पर चलाए जा रहे त्वरित निराकरण की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने आवश्यक भूमि दस्तावेजों के साथ मेड़की सोसायटी में संपर्क किया। समिति द्वारा तत्परतापूर्वक उनके संपूर्ण रकबे का पुनः पंजीयन एवं सत्यापन कर त्रुटि का निराकरण किया गया। साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका रकबा पूरी तरह अपडेट हो चुका है और वे ऑनलाइन या समिति स्तर के टोकन के माध्यम से अपना धान बेचने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। उन्होंने जिले के अन्य किसानों से भी अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि शासन द्वारा खोले गए एग्रीस्टैक पोर्टल का लाभ उठाते हुए अपनी सोसायटी में जाकर रकबे का निराकरण कराएं।

एग्रीस्टैक पंजीयन से कटा टोकन, किसान पवन ने व्यवस्था को सराहा

इसी प्रकार मेढ़की उपार्जन केंद्र में धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने पहुंचे ग्राम खरथुली के कृषक पवन कुमार ने बताया कि शुरुआत में रकबा शून्य दिखने के कारण उनका टोकन नहीं कट पा रहा था, जिससे वे काफी चिंतित थे। समिति के कर्मचारियों द्वारा किसानों की सुविधा के लिए पुनः ‘एग्रीस्टैक’ पोर्टल खोले जाने जानकारी दी गई। इसके पश्चात् पवन कुमार ने अपना एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण कराया, जिसके कुछ ही समय पश्चात पोर्टल पर रकबा अपडेट हो गया और उनका टोकन आसानी से कट गया। समस्या के त्वरित समाधान से उत्साहित पवन कुमार ने उपार्जन केंद्र की सुचारू व्यवस्था की सराहना करते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: