- पीएससी की नियमित परीक्षाएं हो रही हैं, इंजीनियरों की रिकॉर्ड भर्ती
रायगढ़ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सरकारी भर्तियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने कम समय में ही कांग्रेस के पूरे पांच साल के कार्यकाल से ज्यादा नियुक्तियां कर दी हैं। उन्होंने इस तुलना पर कांग्रेस को चुनौती भी दी। श्री चौधरी ने कहा कि आज प्रदेश में पीएससी की परीक्षाएं नियमित रूप से हो रही हैं, जिससे युवाओं को समय पर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीते दो-तीन वर्षों में प्रदेश में जितने इंजीनियरों की भर्ती हुई है, उतनी पहले कभी नहीं हुई। लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन (सिंचाई) विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) सहित अनेक विभागों में बड़े पैमाने पर इंजीनियरों की नियुक्ति की गई है।
इंजीनियरों की भर्ती की जरूरत बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार भारत को विकसित भारत और छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प पर काम कर रही है। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और पूंजीगत व्यय को बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तभी प्रदेश और देश विकसित बन सकेंगे।























