- 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की ब्लड शुगर व बीपी की जाँच कर दिया गया परामर्श
- एचआर प्रमुख दिग्विजय पटेल की अगुवाई में हुआ आयोजन
खरसिया। स्काई अलॉयज़ एंड पावर लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत खरसिया ब्लॉक के ग्राम कनमुरा में चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 183 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जाँच करवाई। शिविर में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जाँच की गई। जाँच के बाद लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कारखाने के अनुभवी चिकित्सक डॉ. टी.एल. पटेल और डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने मरीजों की जाँच की और उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया।
यह शिविर कंपनी के एचआर प्रमुख दिग्विजय पटेल की अगुवाई में आयोजित हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, बीमारियों की समय रहते पहचान करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्लांट के कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ऐसे चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। प्रबंधन का मानना है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि अच्छा स्वास्थ्य ही बेहतर भविष्य की नींव है।
कंपनी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रबंधन के अनुसार स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज की नींव हैं और यही बेहतर भविष्य का आधार है।























