Skip to content
Home | Raigarh News : आम जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे लड़ाई : अरूण साव

Raigarh News : आम जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे लड़ाई : अरूण साव

रायगढ़। भूपेश सरकार की वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, सडक़ों की दुर्दशा और प्रधानमंत्री आवास छिने जाने के विरोध में घरघोड़ा से रायगढ़ तक शंखनाद परिवर्तन के लिए पदयात्रा में मिला जनसमर्थन भाजपा की कामयाबी है। आंदोलन में शामिल भीड़ दर्शाती है कि वो भी परिवर्तन की पक्षधर है। गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए नगाड़ा बजाने, कलेक्ट्रेट घेराव और गिरफ्तारी देने के बाद जनहित के मुद्दों को लेकर बीजेपी सडक़ से सदन तक लड़ाई लड़ते हुए पब्लिक की आवाज बनेगी। यह कहना है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव का। 

जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सोमवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में श्री साव ने कहा कि राजधानी रायपुर में हुए दो बड़े कार्यक्रम से भाजपा और मजबूत हुई है। जैसा कि युवाओं के मुद्दे को लेकर हल्लाबोल कार्यक्रम में सीएम कार्यालय का घेराव और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन से कार्यकर्ता रिचार्ज हो गए हैं। वहीं, अब घरघोड़ा से 42 किलोमीटर की त्रिदिवसीय पदयात्रा कर हमने परिवर्तन के लिए शंखनाद कर दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 4 साल में सडक़ों की रखरखाव में कोई काम नहीं हुआ। नतीजतन, प्रदेश की सडक़ों की हालत इतनी बुरी है कि हादसों का बढ़ता ग्राफ चिंतनीय विषय बन गया है और कांग्रेस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के तहसील कार्यालय से लेकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार चरम पर है। भूपेश सरकार अपने 4 बरस के कार्यकाल में एक भी वादा पूरा नहीं लड़ पाई। जबकि, जनता को विश्वास दिलाने गंगाजल की कसमें तक खा चुकी है। राज्य सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रोजगार का वादा किया, पर किसी को रोजगार की सौगात नहीं मिली। शराबबंदी को मुद्दा बनाया। महिला स्व सहायता समूहों का कर्जा माफ नहीं हुआ। बुजुर्गों का पेंशन तक नहीं बढ़ाया, वे 6-6 महीने तक पेंशन के लिए भटकने मजबूर हैं। कानून व्यवस्था का हाल बेहाल है। हत्या, अनाचार, चोरी-मारपीट में वृद्धि हो रही है। भूपेश सरकार कानून व्यवस्था ठीक करना में नाकाम है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस राज में छत्तीसगढ़ अब अपराधगढ़ बन रहा है। रेत, शराब और कोल माफिया हावी है, जिससे यहां अपराध में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं, कांग्रेस ने 11 लाख से अधिक परिवार को प्रधानमंत्री आवास से वंचित किया। जबकि इसके पहले भाजपा के शासनकाल में ऐसा नहीं था। वर्तमान में लोग कर्ज लेकर मकान बनवाने लोग मजबूर हैं और किश्त तक नहीं पटा पा रहे हैं। रायगढ़-जशपुर नेशनल हाईवे की बदहाली को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सांसद गोमती साय इसके लिए प्रयास कर रही हैं, लेकिन वास्तव में इसकी जवाबदेह कांग्रेस की है। श्री साव से सवाल किया गया कि कांग्रेस के पास मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी हैं तो बीजेपी क्या बगैर किसी चेहरे के सत्ता परिवर्तन कर सकती है तो उन्होंने जवाब दिया कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता हमारा चेहरा है। प्रेस कॉन्फ्र ेंस के दौरान पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष शकील अहमद, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष पांडेय, कौशलेष मिश्रा, दिबेश सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, अरुणधर दीवान, प्रेम मिश्रा भी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

4 साल पहले कांग्रेस ने किए थे 26 वादे : गोमती

सांसद गोमती साय ने कहा कि 4 वर्ष पूर्व कांग्रेस ने जनता को 26 वादे किये थे, लेकिन सत्ता पाने के बाद भूल गए। इन वादों में  कितने पूरे हुए, इसका जवाब पब्लिक को पूछना चाहिए। जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। सडक़ तक सही नहीं है। बिजली बिल माफ करने की बजाए बढ़ रहा है। लोग परेशान हैं और पब्लिक को उनका जायज हक दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

रायगढ़-धरमजयगढ़ सडक़ निर्माण के लिए राशि मंजूर होने के बाद भी देरी क्योंं : ओपी

पूर्व कलेक्टर और भाजपा नेता ओपी चौधरी ने खुलासा किया कि बीते 2021 में ही जब रायगढ़-धरमजयगढ़ सडक़ निर्माण कार्य के लिए 93 करोड़ की राशि स्वीकृत हो चुकी है तो बनाने में इतना विलम्ब क्यों। अगर समय पर इस महत्वपूर्ण सडक़ का कायाकल्प होता तो भाजपा को आज सडक़ के लिए सडक़ पर उतरना ही क्यों पड़ता। कांग्रेस को इसका जवाब जनता को देना ही चाहिए।

error: Don\'t copy without permission.This is a violation of copyright.