Skip to content
Home | Raigarh News : बीवी मायके गई तो नशे में खरपतवार दवा पी गया किसान, युवक ने कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर की खुदकुशी

Raigarh News : बीवी मायके गई तो नशे में खरपतवार दवा पी गया किसान, युवक ने कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर की खुदकुशी

रायगढ़। बीवी के मायके जाने के बाद मदिरापान में डूबे एक किसान ने कीटनाशक दवा पीकर अपनी जान गंवा दी। इसी तरह नशे की झोंक में एक युवक ने घर में साड़ी से फांसी लगाते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया। दोनों घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है।

इस संबंध में उपनिरीक्षक बलदेव सिंह पैकरा ने बताया लैलूंगा से 20 किलोमीटर दूर ग्राम पोटेबिरनी में रहने वाला संजय प्रज्ञा आत्मज शत्रुघन (30 साल) खेती किसानी करता था। हफ्तेभर पहले बीवी के मायके जाने के बाद संजय शराब पीने लगा था। ऐसे में वह नशे में रहता था। मदमस्ती में डूबे संजय ने बुधवार तडक़े खरपतवार नाशक दवा पी गया। कुछ देर बाद तबियत बिगडऩे पर बदहवास परिजन उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। प्राथमिक उपचार में कीटनाशक दवा सेवन का खुलासा होते ही डॉक्टर्स ने सघन उपचार भी किया, मगर सुबह लगभग 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।

इसी तरह का दूसरा प्रसंग लैलूंगा से लगे नवीन कुंजारा का है। मंगलवार दोपहर तकरीबन 2 बजे यहां रहने वाले सुखीलाल पैकरा के 28 वर्ष के बेटे राकेश की लाश उसके नए कमरे के म्यांर में बंधे साड़ी के फंदे पर सन्दिग्ध परिस्थितियों में लटकती पाई गई। युवक शराब पीता था और नशे में उसने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल, दोनों मामले में लैलूंगा पुलिस मर्ग कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।