Skip to content
Home | लवसरा में धरतीपुत्रों से ले रहे दो किलो अधिक धान

लवसरा में धरतीपुत्रों से ले रहे दो किलो अधिक धान

जैजैपुर। एक ओर जहां किसान 2650 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत होने से खुश नजर आ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर उनसे सूखा के नाम पर विकासखंड सक्ती अंतर्गत उपार्जन केंद्र लवसरा में सूखती के नाम से अधिक धान लिया जा रहा है। प्रति बोरे में किसानों से ५०० ग्राम से लेकर 1 किलो अतिरिक्त धान लिया जा रहा है और किसानों के खून पसीने की कमाई पर खुलेआम डाका डाला जा रहा है। वहीं जिम्मेदार अधिकारी चुप बैठे हैं। धान खरीदी केंद्र लवसरा के भोले-भाले किसान स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। सरकार के प्रति किसानों के मन में विश्वास खत्म होने लगा है।

जब धान खरीदी केंद्र लवसरा का जायजा लिया गया तो धान खरीदी प्रभारी मौके से नदारद मिले। उसके बाद किसान रामेश्वर साहू ग्राम परसदाकलां द्वारा अपने धान का तौल कराया जा रहा था तब फड़ प्रभारी के निर्देशन पर वहां तौल कर रहे श्रमिकों ने बताया कि हमारे यहां धान का तौल 40 किलो 800 ग्राम से 41किलो 300 ग्राम तक तौला जा रहा है। वहीं पर तौल करवा रहे किसान रामेश्वर साहू से मीडिया की टीम ने पूछा तो उन्होंने बताया कि सरकार की तय मात्रा मुझे मालूम है लेकिन उनके अनुसार धान न दे तो घुमाया जाता है। इसलिए जितना तौल कर रहे हैं, उतना तौल दे रहे हैं और तय मात्रा से ज्यादा धान देना किसानों की मजबूरी बन गई है।

कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल
जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे तब उन्होंने पाया कि खरीदी प्रभारी व फड़ प्रभारी के दिशा निर्देशन पर धान की तौलाई कर रहे श्रमिकों द्वारा किसानों से तय मात्रा से अधिक धान लिया जा रहा था। उसी बीच कम्प्यूटर ऑपरेटर फोन पर केंद्र प्रभारी से बात करते हुए पहुंचे। जहां कंप्यूटर ऑपरेटर एवं खरीदी प्रभारी लवसरा ने बातचीत के दौरान सक्ती कलेक्टर का नाम लिया। उसने कहा कि 41 किलो 500 ग्राम लेने के लिए ऊपर से आदेश है।

भूपेश सरकार से किसान नाराज
एक तरफ भूपेश सरकार अपने सरकार किसानों की हितैषी बताती है तो वहीं उनके प्रशासन में काम कर रहे धान खरीदी प्रभारियों द्वारा खुलेआम किसानों से तय मात्रा से अधिक धान तौल कर अपनी जेब भरने में कोई कसर नही छोड़ रहा है। तो वहीं किसान भी सरकार के प्रति खासे नाराज नजर आ रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी दोषी खरीदी प्रभारियों के खिलाफ न तो जांच कर रहे हैं और न ही कार्रवाई कर रहे हैं। धान खरीदी केंद्र तुषार में प्रभारी द्वारा तय मात्रा से अधिक धान तौलते पाया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

क्या कहते हैं तिवारी
हमारे एवं कलेक्टर द्वारा ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है। ऐसा करते पाए जाने पर खरीदी प्रभारी के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी : महेश्वरी तिवारी, नोडल अधिकारी उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं सक्ती