Skip to content
Home | जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए करंट से हुई दन्तैल हाथी की मौत, धरमजयगढ़ वनमंडल के गेरसा रेंज का मामला, एक सन्देही ग्रामीण हिरासत में

जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए करंट से हुई दन्तैल हाथी की मौत, धरमजयगढ़ वनमंडल के गेरसा रेंज का मामला, एक सन्देही ग्रामीण हिरासत में

रायगढ़, 11 जनवरी। जंगली सूअर के शिकार के लिए जंगल मे बिछाए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से फिर एक बेगुनाह दंतैल हाथी की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। अतिकाय के काल कलवित होने की यह घटना धरमजयगढ़ वनमंडल के गेरसा रेंज की है। डीएफओ ने मौके का जायजा लेते हुए हाथी का पीएम और कफन दफन कराया है तो एक संदेही ग्रामीण को भी हिरासत में लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले गेरसा बीट के बैगन झरिया के पास फिर एक हाथी की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैलने से वन विभाग भी सकते में है। घटना की सूचना के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। पहले पहल तो दंतैल हाथी की मौत संदिग्ध लगी, लेकिन जब आसपास का बारीकी से निरीक्षण किया गया तो असलियत सामने आ गई। दरअसल, कतिपय लोगों ने जंगली सूअर के शिकार के लिए जंगल में पूर्व नियोजित साजिश के तहत करंट प्रवाहित तार का जाल बिछा रखा था।

मंगलवार शाम अपने झुंड से भटका एक दंतैल स्वच्छंद विचरण करते हुए बैगीन झरिया जंगल की तरफ आया तो वह करंट प्रवाहित तार की गिरफ्त में इस कदर आया कि उसकी जान ही निकल गई। फिर क्या, अतिकाय की मृत्यु का सच सामने आते ही बुधवार को वनमंडल अधिकारी अभिषेक जोगावत की मौजूदगी में वन महकमे ने मौके पर ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद विशालकाय शव को दफना दिया। जांच पड़ताल में एक ग्रामीण की संलिप्ता का शक होने पर पुलिस उसे अपने शिकंजे में कसते हुए पूछताछ कर रही है।

क्या कहते हैं डीएफओ

गेरसा बीट में एक दंतैल हाथी की लाश पाई गई। गजराज की मृत्यु स्वाभाविक नहीं, बल्कि करंट से हुई है। जंगली सूअर के शिकार के लिए शिकारियों द्वारा लगाए बिजली वायर के सम्पर्क में आने से हाथी की असमय जान गई है। हाथी के शव का पोस्टमार्टम और कफन दफन के बाद एक संदेही से सख्त पूछताछ जारी है।

– अभिषेक जोगावत, वनमंडल अधिकारी, धरमजयगढ़