Skip to content
Home | Raigarh News : रायगढ़ में ट्रायल रन के लिए टोकन ही नहीं कटे

Raigarh News : रायगढ़ में ट्रायल रन के लिए टोकन ही नहीं कटे

प्रदेश के चार जिलों में नहीं हो सकी धान खरीदी की तैयारी, समिति प्रबंधकों का आंदोलन जारी

रायगढ़। जिले में धान खरीदी की तैयारियों की पोल खुल गई है। गुरुवार को जिले में खरीदी का ट्रायल रन होना था, लेकिन टोकन ही जारी नहीं हो सके। खरीदी को महज चार दिन बाकी हैं और समिति कर्मचारियों का आंदोलन खत्म नहीं हो सका। 

धान खरीदी की तैयारियों को झटका लगा है। रायगढ़ समेत चार जिले ऐसे हैं जहां ट्रायल रन ही नहीं हो सका है। गुरुवार को प्रदेश केे 33 जिलों में टोकन जारी कर खरीदी का ट्रायल होना था लेकिन रायगढ़, गौरेला पेंड्रा मरवाही, नारायणपुर और खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिलों में टोकन ही नहीं दिए गए। एक नवंबर की धान खरीदी के पूर्व सभी जिलों में औपचारिक रूप से शुरुआत हो जानी थी। तैयारी का परीक्षण करने के लिए यह जरूरी है कि खरीदी का ट्रायल किया जाए। पंजीयन का काम भी बहुत ही लापरवाही से चल रहा है।

गुरुवार को जिले की एक भी समिति में टोकन नहीं काटे जा सके। समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने तक धान खरीदी कार्य से बहिष्कार किया है। उनके बिना उपार्जन कार्य पूरा नहीं कराया जा सकता। रायगढ़ में आंदोलन के कारण खरीदी की तैयारी नहीं हो सकी है। प्रदेश के 29 जिलों में टोकन जारी किए गए थे। इस बार की खरीदी पहले से ही विवादों में आ चुकी है। राजस्व रिकॉर्ड की गलत एंट्री ने पहले ही खरीदी प्रक्रिया को दूषित कर दिया है।

एनआईसी रायपुर के कारण बढ़ी गड़बड़ी

समिति के तहत आने वाले गांवों की मैपिंग में एनआईसी रायपुर ने बड़ी गड़बड़ी कर दी है। अपनी समिति से अलग दूसरे तहसील की समिति में गांव का रकबा दिखा रहा है। किसानों का पंजीयन भी पास की समिति में न होकर दूसरे ब्लॉक की समिति में दर्शा रहा है। यह गड़बड़ी ठीक नहीं हो सकी है और चार दिन बाद खरीदी है।