Skip to content
Home | Raigarh News : गायब होने से पहले जामपाली के एक अधिकारी से हुई थी बहस, एक ट्रांसपोर्टर का कर्मचारी सप्ताह भर से लापता, कॉल डिटेल में कई जानकारियां बरामद

Raigarh News : गायब होने से पहले जामपाली के एक अधिकारी से हुई थी बहस, एक ट्रांसपोर्टर का कर्मचारी सप्ताह भर से लापता, कॉल डिटेल में कई जानकारियां बरामद

रायगढ़। एक सप्ताह पहले जामपाली माइंस से गायब होने वाले ट्रांसपोर्ट कर्मचारी का लिंक एसईसीएल के एक अधिकारी से मिला है जो उसी खदान में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ बहस हो गई जिसके बाद युवक गायब हो गया है। घरघोड़ा का जामपाली माइंस एक बार फिर से सुर्खियों में है। 14 जनवरी को यहां से एक ट्र्रांसपोर्ट कर्मचारी ईश्वर प्रसाद साव गायब हो गया। रात आठ बजे घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ने कॉल किया।

ईश्वर साव ने दस बजे तक घर पहुंचने की बात कही, लेकिन वह रात में नहीं आया तो पत्नी ने थाने में शिकायत की। घरघोड़ा थाने में गुम इंसान दर्ज किया गया है। कॉल डिटेल खंगालने पर कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। वहीं इस मामले में एक और एंगल जुड़ गया है। बताया जा रहा है कि ईश्वर की जामपाली माइंस के एक अधिकारी से जबर्दस्त बहस हो गई थी। लोडिंग एंड पर काम करने के दौरान दोनों में कुछ विवाद हुआ।

कई लोग ईश्वर के गायब होने के पीछे इस मामले को कारण बता रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब जामपाली माइंस में कोई आपराधिक गतिविधि सामने आई हो। इसके पहले चाकूबाजी और दो ट्रांसपोर्टरों में गैंगवार भी हो चुका है। दरअसल, जामपाली खदान की व्यवस्था को सिरे से दुरुस्त किए जाने की जरूरत है।