रायगढ़ (8 मार्च )। कलेक्टोरेट के अंधेरे गलियारे से छन-छन कर आ रही खबरों के अनुसार कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा विगत तीन दिनों से ऑफिस का कामकाज छोडक़र घर पर कोई गोपनीय तांत्रिक अनुष्ठान करवा रहे हैं। इस सनसनीखेज सूचना के लीक होते ही पूरी दुनिया में कलेक्टर संबन्धी सूचनाओं के इकलौते संग्रहकर्ता पत्रकार विजय लेड़ीया सक्रिय हो गये। उसके द्वारा जुटायी गयी भ्रामक जानकारी के अनुसार कलेक्टर साहब को पिछले कुछ समय से ई. डी. की खतरनाक कार्यवाही सम्बन्धी बुरे-बुरे सपने आ रहे थे और वे परेशान थे। इस बात की जानकारी मिलते ही कलेक्टोरेट के मूर्ख बाबू सत्येंद्र मेहर ने उन्हें बाबा भूतनाथ के नाम से कुख्यात महान अर्धज्ञानी तांत्रिक बरजो महाराज के सानिध्य में तांत्रिक पूजा कराने का धांसू आईडिया दे दिया।
परिणामत: कलेक्टर साहब बाबा भूतनाथ की शरण में हैं तथा बंगले में बरजो महाराज की देखरेख में ई. डी. छापेमार दस्ते के दुष्ट आत्माओं की शांति के लिए विगत तीन दिनों से तांत्रिक अनुष्ठान जारी है। विजय लेडिय़ा ने बड़बोलेपन का इजहार करते हुये अपने श्रीमुख से आगे फरमाया कि दरअसल तंत्र साधना में निपुर्ण भाजपा के औघड़ डॉन भ्रमित शाह गुजरातवाले की कृपा से छत्तीसगढ़ के कलेक्टरों पर ई. डी. की बुरी आत्माओं का खतरनाक साया मंडरा रहा है। इनकी प्रेतलीलाओं के कारण विगत दिनों समीर विश्नोई सहित कई सात्विक किस्म के अधिकारियों की खाट खड़ी हो चुकी है। साथ ही प्रदेश में सरकारी लूट के द्वारा अपरम्पार सम्पति इकठ्ठा करने वाले कतिपय सफेदपोश महाप्रभुओं का सारा काला-पीला बाहर आ चुका है।
इससे पूरे प्रशासनिक अमले में यह भय व्याप्त है कि गेहूं के साथ घुन भी पीस सकता है। हमारे कलेक्टर साहब भी इसी तरह की मनोदशा का शिकार हो गये हैं। वे अपने पाक साफ व कर्तव्यपरायण कैरियर पर कोई दाग न लग जाये, इस चिंता के कारण एहतियातन यह तांत्रिक अनुष्ठान करवा रहे हैं। कलेक्टर साहब ने ऐहतियात के तौर पर शहर के सभी प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिये हैं और सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा भी लगवा दिया है। इन कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिये गये हैं कि अधिकारीनुमा संदिग्ध व्यक्तियों के किसी भी दल को बिना जांच-परख के शहर में प्रवेश न करने दिया जाये। ईडी के अधिकारी होने का शक होते उन्हें आतंकवादी घोषित कर धुरकुट पिटाई आरम्भ कर दें। (हो. स.)
