एक कारोबारी ने पहले छूट लेकर नहीं लगाया उद्योग, फिर बदला स्वामित्व
रायगढ़। उद्योग लगाने के लिए स्टाम्प ड्यूटी में छूट लेकर कई साल तक संयंत्र नहीं लगाने वाले कई कारोबारी रायगढ़ में हैं। इनमें से कुछ ने तो उद्योग का स्वामित्व ही बदल दिया। इस दौरान स्टाम्प ड्यूटी नहीं चुकाई गई। शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले उद्योगों में कई रायगढ़ में हैं। ऐसे कई कारोबारी हैं जो स्टाम्प ड्यूटी में छूट लेने के बाद उद्योग नहीं लगा सके। जमडबरी में भी एक ऐसा उद्योग है।
बताया जा रहा है कि जमडबरी की जमीन पर 2004 में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायगढ़ से स्टाम्प ड्यूटी से छूट का प्रमाण पत्र ले लिया गया। इसके बाद जमीनें खरीदी गईं। वर्ष 2004 से 2021 तक उद्योग ही स्थापित नहीं किया गया। वर्ष 2021 में अचानक से कंपनी का डायरेक्टर बदल गया। उद्योग के स्वामित्व में परिवर्तन कर लिया गया लेकिन शासन को कोई स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान नहीं किया गया। यही नहीं एक ही परिसर में तीन इकाइयां स्थापित कर शासन से अलग अलग स्थाई पूंजी अनुदान एवं ब्याज अनुदान की राशि भी उद्योग विभाग के जरिए प्राप्त कर ली गई। ऐसे कई घपले करके उद्योग स्थापित किया गया है। उद्योग विभाग को अंधेरे में रखकर कई तरह के अवैध लाभ अर्जित किए गए हैं।
जांच में फंसेगा कारोबारी
जमडबरी में हुए इस गड़बड़ी की जांच हुई तो कारोबारी से लाखों की स्टाम्प ड्यूटी रिकवरी निकलेगी। इससे पहले भी उद्योग विभाग ने कई उद्योगों की जांच कर स्टाम्प ड्यूटी वसूली है। समय पर उद्योग नहीं लगाने वालों पर अभी भी कार्रवाई बाकी है। कई छोटे-बड़े उद्योग हैं जो स्टाम्प ड्यूटी में छूट लेकर जमीनें खरीद लेते हैं लेकिन संयंत्र नहीं लगाते।
