Skip to content
Home | Raigarh News : कांग्रेस पार्षद सपना सिदार पर टिप्पणी के बाद पूर्व युकां अध्यक्ष को शो-कॉज नोटिस, नाराज रानू ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया

Raigarh News : कांग्रेस पार्षद सपना सिदार पर टिप्पणी के बाद पूर्व युकां अध्यक्ष को शो-कॉज नोटिस, नाराज रानू ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया

रायगढ़। युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के सोशल मीडिया में की गई पोस्ट से शहर कांग्रेस में उबाल आ गया है। पार्टी की महिला पार्षद की कार्यशैली को लेकर सार्वजनिक रूप से आलोचना करने पर पार्टी ने नोटिस थमा दिया है। वहीं युवा नेता ने भी नाराज होकर पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।

शहर कांग्रेस में इन दिनों भूचाल आया हुआ है। शहर के वार्ड 25 की महिला पार्षद सपना सिदार के खिलाफ खुलकर सोशल मीडिया में पोस्ट डालने से सियासत का तापमान बढ़ गया है। पूर्व अध्यक्ष युवा कांग्रेस रानू यादव ने कई बार पार्टी नेताओं की खुलकर आलोचना की है। इसलिए नेताओं का एक धड़ा उनको निशाना बनाने में जुटा था। इस बार उन्हें मौका मिल गया। पूरा विवाद रानू यादव के गुरुवार को फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट से जुड़ा हुआ है। रानू ने एक कॉलोनाइजर द्वारा नाला पाटने की खबर को शेयर करते हुए लिखा था कि कॉलोनाइजर पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके एवज में किस पार्षद ने पांच लाख और पांच डिसमिल जमीन की रिश्वत ली है, उसकी भी जांच होनी चाहिए।

इस पोस्ट से शहर कांग्रेस कमेटी में हलचल मच गई। इस पर वार्ड 25 की पार्षद सपना सिदार ने जिला कांग्रेस कमेटी में शिकायत कर दी। पोस्ट करने के अगले ही दिन शुक्रवार को प्रभारी महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी शाखा यादव ने रानू यादव को नोटिस थमा दिया। इसमें कहा गया है कि यदि पार्षद सपना सिदार को लेकर कोई आपत्ति थी तो उसे जिला कांग्रेस के संज्ञान में लाना चाहिए था। सोशल मीडिया में की गई टिप्पणियां कांग्रेस की रीति-नीति के विरुद्ध हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गत दिनों प्रस्ताव पारित किया है कि सोशल मीडिया में कांग्रेस से संबंधित कोई खबर अगर कोई कांग्रेस कार्यकर्ता प्रसारित करता है तो उस पर तत्काल कार्रवाई का अधिकार जिला कमेटियों को प्राप्त है। प्रभारी महामंत्री के नोटिस में कहा गया है कि टिप्पणियों से सपना सिदार की भावनाएं आहत हुई हैं। रानू पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सात दिन के अंदर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।

नोटिस मिलते ही इस्तीफे का ऐलान
रानू यादव ने नोटिस मिलते ही फिर से सोशल मीडिया का रुख किया। उन्होंने फेसबुक में ही नोटिस की कॉपी डालते हुए लिखा कि 15 साल पुराना कांग्रेसी होने के बावजूद उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं एक साल पहले ही कांग्रेस में शामिल होने वाली सपना सिदार की शिकायत पर कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस छोडऩे का ऐलान कर दिया। राजनीति से संन्यास की भी घोषणा कर दी।

जवाब देने से अच्छा है पार्टी छोड़ना
दरअसल वार्ड 25 में पार्षद सपना सिदार के विरुद्ध रानू यादव ने मोर्चा खोल रखा था। लंबे समय से दोनों के बीच अदावत चल रही थी। कॉलोनाईजर वाला मुद्दा उठाते ही मामला बहुत ज्यादा बिगड़ गया। प्रभारी महामंत्री ने नोटिस की कॉपी कांग्रेस प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला और पार्षद सपना सिदार को भेजी है। नोटिस मिलने पर रानू यादव ने लिखा है कि जवाब देने से अच्छा है पार्टी छोड़ना।

क्या कहते हैं अनिल
पार्षद सपना सिदार ने रानू यादव के विरुद्ध शिकायत की थी। रानू का पक्ष जानने के लिए नोटिस दिया गया है। सात दिन का समय दिया गया है : अनिल शुक्ला, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी