पूर्व संचालक मंडल का निर्णय हुआ निरस्त, केलो विहार गृह निर्माण सहकारी समिति में चल रही चुनाव की तैयारी
रायगढ़। केलो विहार कॉलोनी में अब समिति के चुनाव से पहले जबर्दस्त राजनीति हो रही है। पूर्व संचालक मंडल ने एक साथ करीब 450 सदस्यों को अपात्र कर दिया था। कलेक्टर के निर्देश पर अब इन्हें वापस ले लिया गया है। इसे लेकर कॉलोनी की एक बैठक भी हुई। केलो विहार शासकीय कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति रायगढ़ के संचालक मंडल का चुनाव होना है। इसके पहले ही माहौल गर्म हो गया है।
निवर्तमान संचालक मंडल ने 7 दिसंबर 2022 को सदस्यता सूची का प्रथम प्रकाशन किया था, जिसमें 798 सदस्यों में से 356 को पात्र एवं 442 को अपात्र कर दिया था। इसके बाद दावा आपत्ति मंगाई गई थी। अपात्र किए गए सदस्यों ने खूब हंगामा मचाया और कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर दी थी। कलेक्टर ने सभी को पात्र करने का आदेश दिया था। अपात्रों में ऐसे लोग भी थे जिनको प्लॉट तो मिला था लेकिन मकान नहीं बनाए हैं। इसके बाद कॉलोनी में कई बार बैठक भी हुई। दावा आपत्ति के बाद अपात्रों को पात्र कर दिया गया है। अब समिति के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। केलो विहार समिति विवादों में रही है। यहां पूर्व में प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी की गई थी।
पुराने चेहरों को मौका नहीं
केलो विहार समिति में इसके पूर्व भी संचालक मंडल के चुनाव नहीं हुए थे। सर्वसम्मति से ही सबका चुनाव हो गया था। इस बार भी बैठक के बाद इसी बात पर सहमति बन रही है कि चुनाव के बजाय आपसी सहमति से प्रक्रिया संपन्न हो जाए। हालांकि इस बार पुराने चेहरों में से किसी को भी मौका नहीं दिया जाएगा। सभी चेहरे नए होंगे। नए संचालक मंडल के समक्ष प्रीमियम विवाद को निपटाने की चुनौती है।
