Skip to content
Home | रमन सिंह बोले- दिल्ली नहीं जाऊंगा

रमन सिंह बोले- दिल्ली नहीं जाऊंगा

रायपुर। मोदी कैबिनेट में डॉ. रमन सिंह को जगह मिलने की चर्चा है। इसको लेकर स्थिति को खुद डॉ. रमन सिंह ने साफ किया। शनिवार को रायपुर में पूर्व मंत्री राजेश मूणत के धरना प्रदर्शन में शामिल होने डॉ. रमन सिंह गए थे। यहां मीडिया ने मोदी कैबिनेट पर सवाल किया तो अपनी स्थिति को लेकर डॉ. रमन सिंह ने जवाब दिया। दिल्ली जाकर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने कि बात पर डॉ. रमन सिंह ने कह दिया कि, मैं छत्तीसगढ़ में ही अच्छा लगता हूं और छत्तीसगढ़ मुझे अच्छा लगता है।

कांग्रेस नेता मंत्रिमंडल में जगह मिलने की बात कर रहे हैं, ये पूछे जाने पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता तो यही चाहते हैं। छत्तीसगढ़ में बहुत से योग्य लोग हैं, उन्हें स्थान मिल सकता है। ये कहते हुए डॉ. रमन ने बड़ा संकेत दिया है कि मोदी कैबिनेट में प्रदेश के लोगों को जगह मिल सकती है। दो दिन पहले ही प्रदेश भाजपा के बड़े नेता, सांसद कुछ विधायक और पार्टी के अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष दिल्ली गए थे। कहा जा रहा है कि प्रदेश से किसी सांसद को मोदी कैबिनेट में जगह दिए जाने की लॉबिंग की जा रही है। सांसद विजय बघेल और गुहाराम अजगल्ले के नामों की चर्चा हो रही है। इस मामले में बयान देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि 10-11 सांसद भाजपा को यहां से मिलते हैं मगर कभी कैबिनेट मंत्री यहां से नहीं रहे। कांग्रेस के वक्त में छत्तीसगढ़ से कैबिनेट मंत्री हुआ करते थे।